राजनांदगांव में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: लोन सेटलमेंट के नाम पर रिश्वत लेते प्रधान आरक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार
राजनांदगांव के बसंतपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक किशोर यादव को एसीबी की टीम ने अठारह लाख रुपये के लोन मामले में पांच लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
Publish Date: Wed, 04 Nov 2026 05:13:43 PM (IST)Updated Date: Wed, 04 Nov 2026 05:16:21 PM (IST)
राजनांदगांव जिले का बसंतपुर पुलिस स्टेशन। - नईदुनियाHighLights
- बसंतपुर थाने के प्रधान आरक्षक रिश्वत लेते गिरफ्तार
- 18लाख के निजी लोन में मांगी रिश्वत
- एसीबी की टीम ने बिछाया था सफल जाल
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई की है। बसंतपुर थाने में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक को निजी लोन के मामले में सेटलमेंट कराने के नाम पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पूरा मामला 18 लाख रुपए के निजी लोन के निपटारे से जुड़ा हुआ है। प्रार्थी गौरव अग्रवाल एक निजी लोन प्रकरण को लेकर कानूनी और अन्य परेशानियों से जूझ रहे थे। इसी प्रकरण में आपसी समझौता या सेटलमेंट कराने के एवज में बसंतपुर थाने के प्रधान आरक्षक किशोर यादव ने प्रार्थी से पांच लाख रुपए की भारी-भरकम रिश्वत की मांग की थी। आरोपी पुलिसकर्मी द्वारा लगातार पैसे के लिए दबाव बनाए जाने से परेशान होकर प्रार्थी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से करने का फैसला किया।
एसीबी ने बनाई योजना और बिछाया जाल
प्रार्थी गौरव अग्रवाल की शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पूरे मामले की जांच की और तथ्यों का सत्यापन किया। आरोप सही पाए जाने पर एसीबी ने आरोपी प्रधान आरक्षक को पकड़ने के लिए सुनियोजित जाल बिछाया। तय योजना के तहत प्रार्थी बुधवार को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये लेकर आरोपी किशोर यादव के पास पहुंचा। जैसे ही प्रार्थी ने प्रधान आरक्षक को बीस हजार रुपये की नकदी सौंपी, वहां पहले से ही मुस्तैद एसीबी की टीम ने त्वरित दबिश दी और उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
एसीबी अधिकारियों ने की कार्रवाई की पुष्टि
इस पूरी कार्रवाई की पुष्टि करते हुए एसीबी के उप पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी ने बताया कि प्रार्थी की लिखित और पुख्ता शिकायत के आधार पर यह ट्रैप कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपी प्रधान आरक्षक किशोर यादव को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। एसीबी की टीम इस बात की भी जांच कर रही है कि इस पूरे रिश्वत कांड में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।