
नईदुनिया न्यूज, सारंगढ़-बिलाईगढ़: छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और नैसर्गिक सौंदर्य के मानचित्र पर अब बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम चंदलीडीह का नाम भी स्वर्णाक्षरों में जुड़ने जा रहा है। जिला प्रशासन और रामनामी समुदाय के साझा प्रयासों से यहां 'रामनामी इको टूरिज्म' की शुरुआत हो गई है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में शुरू हुए इस अनूठे प्रकल्प का फीता अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने काटकर विधिवत आरंभ किया। पहले ही दिन इस नवोदित पर्यटन स्थल ने वैश्विक दस्तक दी।
फ्रांस से पहुंचे दो विदेशी सैलानियों ने चंदलीडीह की शांत वादियों, हरियाली और सांस्कृतिक परिवेश का नजदीक से अनुभव किया। पहले ही दिन विदेशी मेहमानों की मौजूदगी ने यह उम्मीद जगा दी है कि आने वाले समय में यह क्षेत्र देशी-विदेशी सैलानियों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बनेगा। सैलानियों की संभावित आमद को देखते हुए प्रशासन द्वारा यहां बुनियादी सुविधाओं और पर्यटन अधोसंरचना को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।
रामनामी इको टूरिज्म केवल एक दर्शनीय स्थल नहीं, बल्कि प्रकृति के करीब सुकून और रोमांच तलाशने वालों के लिए एक संपूर्ण गंतव्य के रूप में उभर रहा है। यहां आने वाले पर्यटक पिकनिक, बोटिंग, बंबू राफ्टिंग और कायाकिंग जैसी जल-क्रीड़ाओं का आनंद ले सकेंगे। वहीं, सतखंडा पहाड़ ट्रैकिंग के जरिए ऊंचाइयों से प्रकृति को निहारने और नाइट कैंपिंग के तहत खुले आसमान व तारों की छांव में रात बिताने का अनुभव भी लोगों को रोमांचित करेगा। परिवार, मित्रों और प्रकृति प्रेमियों के लिए यह स्थल यादगार पलों का साक्षी बनेगा।
चंदलीडीह को अन्य पर्यटन स्थलों से अलग बनाती है यहां की रामनामी सांस्कृतिक विरासत। छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान रखने वाला रामनामी समाज अपनी अटूट आस्था और समर्पण के लिए जाना जाता है। शरीर पर 'राम-राम' का गोदना, राम नाम अंकित वस्त्र और पारंपरिक भजन-कीर्तन की अनूठी परंपरा इस समुदाय को खास पहचान देती है। पर्यटकों को यहां प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ इस जीवंत लोक परंपरा और आध्यात्मिक विरासत को समझने का दुर्लभ अवसर मिलेगा।
यह पहल केवल पर्यटन को बढ़ावा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों व युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए द्वार भी खोलेगी। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय अर्थव्यवस्था को संबल मिलेगा और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को भी गति मिलेगी। आरंभ अवसर पर बिलाईगढ़ जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेश्वरी बर्मन सहित ग्राम पंचायत के सरपंच, पंचगण और सचिव मौजूद रहे। जिले के ऐतिहासिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक स्थलों को संवारने की प्रशासन की यह मुहिम चंदलीडीह के जरिए नई ऊंचाइयों को छूने को तैयार है।
यह भी पढ़ें- रायपुर के एप्पल स्टोर में 2 करोड़ की चोरी का पर्दाफाश, 1.50 करोड़ के 125 आईफोन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार