
नईदुनिया न्यूज, सुकमा। जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र के रासापल्ली और गुण्डराजगुड़ेम के जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियार और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया है। डंप से आठ देशी हथियार, विभिन्न रायफलों के 229 जिंदा कारतूस, एक टिफिन आइईडी, हैंड ग्रेनेड, डेटोनेटर और अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री मिली है। आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने चिंतलनार थाना क्षेत्र के गुण्डराजगुड़ेम और रासापल्ली के जंगल-पहाड़ी इलाके में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया था। इस दौरान रासापल्ली के जंगल में नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखा गया डम्प मिला। टीम ने सघन तलाशी लेकर वहां रखी सामग्री बरामद की।
बरामद आठ हथियारों में दो सिंगल शॉट रायफल और छह भरमार बंदूक शामिल हैं। इसके अलावा एके-47 के 98, एसएलआर के 49, इंसास के 35, .303 रायफल के 30, 9 एमएम के 13 और 12 बोर के चार जिंदा कारतूस मिले हैं। इस तरह कुल 229 कारतूस बरामद किए गए। मौके से 10 से 12 किलोग्राम वजनी एक टिफिन आइईडी वायर रहित अवस्था में मिला। इसके अलावा तीन हैंड ग्रेनेड, चार देशी तीर बम और 10 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर भी बरामद किए गए।
डम्प से चार इंसास और एके-47 मैगजीन, दो स्टेनगन मैगजीन, तीन बड़े और दो मध्यम बीजीएल सेल, 11 बीजीएल कारतूस, एक मोटोरोला वायरलेस सेट, करीब 50 मीटर कोडेक्स वायर और 100 मीटर इलेक्ट्रिक वायर भी मिला है। इसके अलावा चार 12 वोल्ट बैटरी, करीब पांच किलो गन पाउडर, 15 जोड़ी नक्सली वर्दी, पिट्ठू बैग, दवाइयां और नक्सली साहित्य भी बरामद किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में नक्सलियों द्वारा जंगलों और दुर्गम इलाकों में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री के डम्प की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बरामद सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बीजापुर के बड़ेपल्ली जंगल में जमीन के अंदर छिपाए 39.77 लाख बरामद, स्टील डिब्बे में 500 के नोट