
नईदुनिया न्यूज़, सूरजपुर। जिले के कुदरगढ़ चौकी क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पत्नी के साथ घर लौटने से इनकार करने पर गुस्साए पति ने धारदार ब्लेड से उसकी गर्दन पर जानलेवा हमला कर गला रेत दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले ओड़गी अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर किया गया। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार छह अगस्त को ग्राम भंवरखोह तेलईडांड निवासी हरदयाल सिंह ने चौकी कुदरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी भांजी आहता पिछले एक माह से अपने सात वर्षीय बेटे के साथ उसके घर रह रही थी। गुरुवार सुबह उसका पति नकुल सिंह वहां पहुंचा और पत्नी को अपने साथ चलने के लिए कहा। जब आहता ने जाने से मना कर दिया तो आरोपित आगबबूला हो गया। उसने पहले जान से मारने की धमकी दी और फिर धारदार ब्लेड से महिला की गर्दन पर हमला कर गला काट दिया।
घटना के बाद स्वजन घायल महिला को 108 एंबुलेंस की मदद से ओड़गी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर कर दिया गया। मामले में चौकी कुदरगढ़ पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध धारा 109(1) बीएनएस में अपराध दर्ज किया। पुलिस टीम ने एफएसएल क्राइम यूनिट की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और वारदात में प्रयुक्त ब्लेड जब्त कर लिया।
यह भी पढ़ें- रतलाम मर्डर केस : पत्नी से लांग ड्राइव पर चलने की जिद, नहीं मानी तो उसे मारकर रातभर जागता रहा पति
दबिश देकर आरोपी नकुल सिंह आयाम (36 वर्ष), निवासी ग्राम कर्री पटेलपारा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने पत्नी के साथ न आने पर गुस्से में वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी संजय यादव, प्रधान आरक्षक क्रांति सिंह तथा आरक्षक अमरेन्द्र दुबे, मिलन सिंह, आलम साय, नरसिंह यादव और अनार सिंह की भूमिका रही।