
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर : भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अघिना सलका में शासकीय शिक्षक के घर घुसकर ढाई साल की मासूम बच्ची के गले पर चाकू रखकर डेढ़ लाख रुपये की डकैती करने वाले गिरोह का पुलिस ने 11 दिन बाद पर्दाफाश कर दिया है। सनसनीखेज वारदात में शामिल दो महिलाओं समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
चौंकाने वाली बात यह है कि डकैती की मास्टरमाइंड पीड़ित शिक्षक के दोस्त की बहन शारदा चौहान निकली। उसे शिक्षक के घर आने-जाने के कारण परिवार की दिनचर्या और नकदी रखे होने की जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने परिचितों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची और वारदात को अंजाम दिलाया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा गया एक मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त छह मोबाइल, एक स्विफ्ट डिजायर कार, एक चाकू, चार स्टाल तथा 1.40 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों में मास्टर माइंड शारदा चौहान पति सुनील मिंज 37 वर्ष निवासी तकिया रोड अंबिकापुर समेत हुलेश्वर दास पिता सुकृत दास 35 वर्ष निवासी पोकसरी, बतौली, देवकरण दास उर्फ विजय दास पिता अशोक दास 26 वर्ष निवासी जामडीह, सीतापुर, विकास दास पिता कार्तिक दास 23 वर्ष और उसका भाई सांतु दास 30 वर्ष निवासी झरगांवां, बतौली तथा सोनू कुमारी पुत्री हीरादास 25 वर्ष निवासी खोरमा प्रतापपुर शामिल हैं।
घटना 26 अक्टूबर की देर रात की है। ग्राम अघिना सलका निवासी राधेश्याम सिंह शासकीय प्राथमिक शाला कोटेया में शिक्षक हैं, जबकि उनकी पत्नी बलिता मिंज ओड़गी क्षेत्र के माड़र भकुरा बीट में वनरक्षक हैं। परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब एक बजे चार नकाबपोश घर में घुसे। उन्होंने शिक्षक को जगाकर उनकी महज ढाई साल की बच्ची के गले पर चाकू रख दिया और जान से मारने की धमकी देकर आलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद घर का दरवाजा बाहर से बंद कर आरोपित फरार हो गए।
यह भी पढ़ें- आबकारी विभाग का कमाल: रेड मारने में 'सुपरमैन', लेकिन अदालत की चौखट पर आते ही हो जाते हैं 'अदृश्य'
दो सौ से अधिक सीसी कैमरा खंगालकर पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में भटगांव पुलिस ने जांच के लिए कई स्तरों पर काम किया। सलका-भैयाथान, सलका-प्रतापपुर, प्रतापपुर-खड़गवां मार्ग सहित कल्याणपुर, बरियो, लटोरी और अंबिकापुर मार्ग के दो सौ से अधिक सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसी दौरान काले रंग की कार संदिग्ध नजर आई। कार की गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस गिरोह तक पहुंची।
जांच में सामने आया कि शारदा चौहान को शिक्षक के घर और परिवार की गतिविधियों की जानकारी थी। उसने हुलेश्वर दास के साथ मिलकर डकैती की योजना बनाई। इसके बाद अन्य आरोपितों को साथ लेकर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस की जांच में सभी आरोपितों की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपितों तक पहुंचने में इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में भटगांव थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक विवेकानंद सिंह, प्रधान आरक्षक सुशील मिश्रा, प्रधान आरक्षक संजय कुमार, प्रधान आरक्षक हेमंत सोनवानी, आरक्षक विनोद प्रताप सिंह, आरक्षक दिनेश ठाकुर और आरक्षक रजनीश पटेल की प्रमुख भूमिका रही।
पुलिस ने आरोपितों को बीएनएस की धारा 309 (6), 3 (5) में डकैती की धारा 310 (6) जोड़ते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय सुरजपुर में पेश किया। जहां से सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया।