
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में संचालित 109 पाठ्यक्रमों में डायरेक्टर एडमिशन रखे गए हैं। इन पाठ्यक्रमों की 2500 से अधिक सीटों के लिए पहली काउंसलिंग 15 से 23 जून के बीच रखी गई है।
विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। वैसे सीटों की संख्या अधिक होने के बावजूद आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही है। 2500 से ज्यादा सीटों के लिए अब तक केवल 1747 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
शुक्रवार को विश्वविद्यालय की प्रवेश समिति की बैठक संपन्न हुई। डायरेक्ट एडमिशन प्रक्रिया के अलावा सीयूईटी पीजी की काउंसिलिंग की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। सीधी प्रवेश प्रक्रिया में पिछले साल की तुलना में इस बार आवेदन संख्या में करीब 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। पहले चरण की काउंसलिंग 23 जून को संपन्न होगी। उसके बाद दूसरे चरण के लिए विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। जहां पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। यानी खाली रहने वाली सीटों पर जो विद्यार्थी पहले आवेदन करेंगे। उन्हें प्राथमिकता मिलेगी।
विश्वविद्यालय के 23 पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सीयूईटी-पीजी के तहत आवेदन प्रक्रिया 25 मई से 10 जून तक चली थी। अब 16 जून को विश्वविद्यालय मेरिट सूची जारी करेगा। इसके बाद विद्यार्थियों को 16 से 21 जून तक अपनी पसंद के पाठ्यक्रम और विकल्प भरने का मौका मिलेगा। 25 जून को विद्यार्थियों को प्रोग्राम अलाट किए जाएंगे। इसके बाद 30 जून से 2 जुलाई को चयनित विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय पहुंचकर अपने दस्तावेजों का सत्यापन करवाना होगा। डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन होते ही विद्यार्थियों को फीस जमा करने पर ही प्रवेश को अंतिम माना जाएगा।
विश्वविद्यालय इस बार प्रवेश प्रक्रिया को समय पर पूरा करने की तैयारी में लगा है। ताकि नए सत्र की कक्षाएं निर्धारित समय से शुरू की जा सकें। इसके लिए सीयूईटी पीजी के दूसरे चरण की काउंसिलिंग 5 जुलाई से शुरू होगी।