
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग और अन्य विषयों में पीएचडी में प्रवेश के लिए होने वाली डाक्टरल एंट्रेंस टेस्ट (डीईटी) की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए एडमिट कार्ड 16 जून से जारी किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया है कि पीएचडी प्रवेश परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा कम्प्यूटर आधारित होगी। इसके लिए दो परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे, जहां उम्मीदवार ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा देंगे। इस बार डीईटी के दूसरे चरण में 12 विषयों के लिए करीब 285 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है।
पीएचडी प्रवेश के लिए इस बार कई महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। इनमें एप्लाइड केमेस्ट्री, एप्लाइड मैथ्स, एप्लाइड फिजिक्स, कम्प्यूटर साइंस, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, फार्मेसी, ट्राइबल स्टडी, इंफॉर्मेशन टेक्नोलाजी, इलेक्ट्रोनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन, इलेक्ट्रोनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन और इंस्ट्रूमेंटेशन जैसे विषय शामिल हैं।
विश्वविद्यालय ने इस बार ट्राइबल स्टडी विषय को भी जोड़ा है, जिससे इस क्षेत्र में शोध करने वाले विद्यार्थियों को अवसर मिलेगा। वहीं डाटा साइंस और स्टेटिस्टिक्स विषय को इस बार डीईटी में शामिल नहीं किया गया है। अधिकारियों के अनुसार इन विषयों में फिलहाल न तो शोध निर्देशक (गाइड) उपलब्ध हैं और न ही पीएचडी की सीटें निर्धारित हैं। इसलिए इन विषयों में प्रवेश प्रक्रिया नहीं रखी गई है। इन विषयों में 30 शिक्षकों ने पीएचडी गाइड के रूप में पंजीयन कराया है। अधिकारियों के अनुसार करीब 90 से 105 पीएचडी सीटों के लिए यह प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है। सीटों का विषयवार पूरा विवरण जल्द ही विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
दो घंटे की इस परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए विश्वविद्यालय ने विशेष निगरानी व्यवस्था भी की है। परीक्षा के दौरान आठ आब्जर्वर तैनात किए जाएंगे, जो परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं और अनुशासन की निगरानी करेंगे। पीएचडी सेल प्रभारी डा. अशेष तिवारी ने बताया कि उम्मीदवारों को समय पर एडमिट कार्ड उपलब्ध करा दिए जाएंगे और परीक्षा से जुड़ी सभी जानकारी वेबसाइट पर अपडेट की जाएगी।