
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा 2026 की तारीख घोषित कर दी है। इसके साथ ही शनिवार से मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया भी शुरू की गई है, जिसमें प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण हुए अभ्यर्थियों से आवेदन मंगवाए हैं। परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 23 अगस्त निर्धारित रखी गई है। अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही परीक्षा केंद्र तय किए जाएंगे।
दरअसल राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल को करवाई गई। 6 सहायक वन संरक्षक और 30 रेंजर के 30 पद रखे गए है। प्रारंभिक परीक्षा में तीन हजार से अधिक अभ्यर्थी सम्मिलत हुए थे। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 22 मई को निकाला गया। इसमें कुल 783 अभ्यर्थी चयनित हुए।
इनमें मुख्य सूची में 741 और प्रावधिक सूची में 42 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। अब आयोग ने 24 जुलाई से 23 अगस्त तक आवेदन मांगवाएं है। अधिकारियों के मुताबिक आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है तो अभ्यर्थी 25 अगस्त तक उसमें सुधार कर सकेंगे। जबकि 24 से 30 अगस्त के बीच आवेदन करने पर तीन हजार रुपये विलंब शुल्क और 2 से 4 सितंबर तक फार्म भरने पर 25 हजार रुपये अतिरिक्त शुल्क वसूला जाएगा।
आयोग ने राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा 27 सितंबर को रखी है। परीक्षा दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगी। आयोग के अधिकारियों के मुताबिक परीक्षा के लिए प्रदेश के दो शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। वे कहते है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 45 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा।