
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय ने व्यवसायिक पाठ्यक्रम की परीक्षा को लेकर टाइम टेबल में बदलाव कर दिया है, जिसमें प्रथम व द्वितीय वर्ष के पेपर 23 जून से रखे गए है। ये परीक्षाएं जुलाई तीसरे सप्ताह में संपन्न होगी। आधा दर्जन से ज्यादा पाठ्यक्रम में चार हजार छात्र-छात्राएं सम्मिलित होंगे।
विश्वविद्यालय ने सिर्फ इंदौर-धार में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दो सत्र में परीक्षा आयोजित की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक प्रश्न पत्र होने के तीसरे दिन से विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिका का मूल्यांकन शुरू किया जाएगा। 15 अगस्त तक इन कोर्स के रिजल्ट भी घोषित किए जाएंगे।
पारंपरिक के बाद अब विश्वविद्यालय ने व्यवयासिक पाठ्यक्रम की परीक्षा रखी है। कुछ प्रश्न पत्रों की तारीख बदल दी। विश्वविद्यालय ने इन पाठ्यक्रम की परीक्षा का संशोधित टाइम टेबल जारी कर दिया है, जिसमें बैचलर आफ लाइब्रेरी साइंस, बीकाम रिटेल, लाजिस्ट्रिक और बैंकिंग प्रथम व द्वितीय वर्ष शामिल है। 23 से 27 जून के बीच बैचलर आफ लाइब्रेरी साइंस की परीक्षा आयोजित होगी।
साथ ही बीकॉम रिटेल आपरेशनल मैनेजमेंट प्रथम वर्ष 24 जून से 25 जुलाई और द्वितीय वर्ष 23 जून से 17 जुलाई, बीकाम लाजिस्ट्रिक कालेब्रेशन द्वितीय वर्ष 23 जून से 10 जुलाई और द्वितीय वर्ष 24 जून से 11 जुलाई, बीकाम बैकिंग फाइनेंस सर्विस प्रथम वर्ष 24 से 18 जुलाई और द्वितीय वर्ष 23 जून से 20 जुलाई के बीच पेपर होंगे। यह परीक्षाएं सुबह 11 से दोपहर 2 और दोपहर 3 से शाम 6 बजे वाले सत्र में रखी है।
इंदौर-धार जिले में केंद्र बनाए है। विद्यार्थियों की संख्या कम होने के चलते दो से तीन केंद्रों पर परीक्षा रखी गई है। सात पाठ्यक्रमों में चार हजार विद्यार्थी है, जिसमें नियमित-स्वाध्यायी और प्राइवेट परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राएं है। परीक्षा नियंत्रक डा. अशेष तिवारी का कहना है कि बीस से पच्चीस दिनों के भीतर मूल्यांकन पूरा किया जाएगा। 15 अगस्त रिजल्ट निकालने की डेडलाइन रखी गई है।