
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : लम्बे समय से राज्य सेवा मुख्य परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिका दिखाने को लेकर अभ्यर्थी मांग कर रहे थे। इनकी समस्या का समाधान करते हुए मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने अभ्यर्थियों को उत्तरपुस्तिका का अवलोकन करवाने का फैसला लिया है।
इस संबंध में सोमवार को अधिसूचना जारी कर दी, जिसमें आयोग ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा वर्ष 2019 से 2024 तक की वर्णनात्मक (डिस्क्रिप्टिव) मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं को दिखाई जाने को लेकर आवेदन मांगवाए हैं। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद अभ्यर्थी अपनी कॉपी देखकर यह समझ सकेंगे कि उन्हें किस प्रश्न में कितने अंक मिले हैं और मूल्यांकन किस प्रकार किया गया है।
उल्लेखनीय है कि लम्बे समय से राज्य सेवा मुख्य परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिका दिखाने को लेकर अभ्यर्थी मांग कर रहे थे। इसके चलते एमपीपीएससी ने यह फैसला लिया है। उत्तर पुस्तिकाओं के अवलोकन की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएगी। सबसे पहले राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2019 की मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं का अवलोकन नवम्बर 2026 से प्रारंभ होगा। इसके बाद वर्ष 2020, 2021, 2022, 2023 और 2024 की मुख्य परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाएं भी निर्धारित समयानुसार उपलब्ध कराई जाएंगी। आयोग ने इस सुविधा का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने के निर्देश दिए है। इसके बाद आयोग उत्तरपुस्तिका दिखाने के लिए समयसीमा बताएगा।
उसके आधार पर अभ्यर्थी अपनी उत्तरपुस्तिका देखने के लिए आयोग कार्यालय में जा सकेंगे। आयोग के मुताबिक इस व्यवस्था से अभ्यर्थियों को मूल्यांकन प्रक्रिया को समझने का अवसर मिलेगा और वे अपनी कमियों एवं मजबूत पक्षों का बेहतर विश्लेषण कर सकेंगे। ओएसडी रवींद्र पंचभाई का कहना है कि आवेदन प्रक्रिया, शुल्क , स्लाट बुकिंग और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों जल्द ही वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।