
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। नौकरीपेशा युवाओं के लिए देवी अहिल्या विश्वविद्यालय से संचालित डिस्टेंस एजुकेशन कोर्स में प्रवेश को लेकर सोमवार से प्रक्रिया शुरू की जाएगी। डिस्टेंस एजुकेशन विभाग ने 2026-27 सत्र के लिए एमबीए और एमसीए पाठ्यक्रमों में आवेदन मांगवाए हैं। इसके लिए वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा। साथ ही शैक्षणिक दस्तावेज अपलोड करना है।
मेरिट के आधार पर पाठ्यक्रमों में सीट आवंटित की जाएगी। डिस्टेंस एजुकेशन विभाग में इस सत्र में एमबीए और एमसीए दोनों पाठ्यक्रमों के लिए 360-360 सीटें निर्धारित की गई हैं। विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतोष बंसल ने बताया कि विद्यार्थियों को प्रवेश उनकी पात्रता और शैक्षणिक योग्यता के आधार पर दिया जाएगा। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए किसी तरह की प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी।
योग्य उम्मीदवार सीधे आवेदन कर सकेंगे। विभाग की योजना के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया अगले सप्ताह से शुरू होकर अगस्त तक चलेगी। इस अवधि में इच्छुक विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी करनी होगी। एमबीए पाठ्यक्रम उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी रहेगा, जो प्रबंधन, व्यापार और प्रशासन के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं।
वहीं एमसीए कंप्यूटर एप्लीकेशन और आईटी क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। वे कहते हैं कि आज के समय में नौकरी के क्षेत्र में लगातार बदलाव हो रहे हैं और कंपनियां बेहतर योग्यता व नए कौशल वाले कर्मचारियों को प्राथमिकता दे रही हैं।
ऐसे में डिस्टेंस एजुकेशन के माध्यम से उच्च शिक्षा प्राप्त करना कामकाजी लोगों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है। इससे वे अपनी नौकरी जारी रखते हुए नई डिग्री हासिल कर सकते हैं और करियर में आगे बढ़ने के अवसर बढ़ा सकते हैं।