
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। प्रदेशभर से संचालित कॉलेजों में प्रवेश को लेकर स्नातक-स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए दूसरे चरण की आनलाइन काउंसिलिंग चल रही है, जिसमें डेढ़ से पौने दो लाख विद्यार्थियों ने पसंदीदा पाठ्यक्रम में पंजीयन करवाया है।
दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब 7 जून को स्नातक पाठ्यक्रम के लिए विद्यार्थियों को सीटें आवंटित की जाएगी। जबकि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की 8 जून को कालेज अलॉट किए जाएंगे। खास बात यह है कि विद्यार्थियों को सात दिनों के भीतर फीस जमा करना होगा। अधिकारियों के मुताबिक दूसरे चरण में कालेजों की 30 से 40 फीसद सीटें भरने की उम्मीद है।
बीए, बीकाम, बीएससी, बीएचएमएस, बीजेएमसी सहित अन्य स्नातक पाठ्यक्रम की आठ लाख और एमए, एमकाम, एमएससी समेत अन्य स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की पांच लाख सीटों पर प्रवेश के लिए आनलाइन काउंसिलिंग चल रही है। पहले चरण में दस फीसद सीटें ही भर पाई, क्योंकि सीयूईटी यूजी और स्नातक का रिजल्ट नहीं आने से कालेजों में प्रवेश कम हुए थे। मगर दूसरे चरण की काउंसिलिंग में विद्यार्थियों ने खासी दिलचस्पी दिखाई है।
21 मई से 3 जून के बीच एक लाख विद्यार्थियों ने स्नातक पाठ्यक्रम के लिए आवेदन किया है। जबकि 80 हजार छात्र-छात्राओं ने स्नातकोत्तर पाठयक्रम में पंजीयन करवाया है। इसके अलावा पहले चरण में जिन विद्यार्थियों को कॉलेज नहीं मिला है। उनकी संख्या तीस हजार है। अब इन विद्यार्थियों के दस्तावेज जांचे गए है।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मेरिट के आधार पर कालेजों की सीटें आवंटित होगी। स्नातक पाठ्यक्रम की 7 जून और स्नातकोत्तर की 8 जून को आवंटन सूची जारी होगी। उसके बाद विद्यार्थियों को 13 जून तक फीस भरना है। शिक्षाविद आशीष तिवारी और डा. अनस इकबाल का कहना है कि फीस भरने के बाद उच्च शिक्षा विभाग 14 जून को रिक्त सीटों का ब्यौरा जारी करेंगा। फिर इन सीटों को भरने के लिए कॉलेज लेवल काउंसिलिंग की जाएगी।