स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस एग्जाम के बाद इंटरव्यू के लिए आधे भी नहीं मिले योग्य अभ्यर्थी
परीक्षा में इंटरव्यू के लिए न्यूनतम 96 (तीन गुना या उससे ज्यादा समान अंक वाले) अभ्यर्थी चयनित किए जाने थे, लेकिन आधे योग्य अभ्यर्थी भी नहीं मिले। सिर् ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 02 Jun 2026 09:37:47 AM (IST)Updated Date: Tue, 02 Jun 2026 09:37:47 AM (IST)
एमपी पीएसी की परीक्षा परिणाम जारी हुए। (फाइल फोटो)HighLights
- एमपी पीएससी: महज 32 पदों के लिए हुई थी परीक्षा
- सिर्फ 39 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू के लिए चयन हो गया है
- सहायक यंत्री कृषि के एक पद के लिए एक भी योग्य अभ्यर्थी नहीं मिल पाया
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। राज्य सेवा परीक्षा के बाद एमपी पीएससी की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षा मानी जाने वाली स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस भर्ती एग्जाम-2025 का परिणाम लंबे इंतजार के बाद सोमवार को घोषित कर दिया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि 32 पदों के लिए हुई इस परीक्षा में इंटरव्यू के लिए न्यूनतम 96 (तीन गुना या उससे ज्यादा समान अंक वाले) अभ्यर्थी चयनित किए जाने थे, लेकिन आधे योग्य अभ्यर्थी भी नहीं मिले। सिर्फ 39 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू के लिए चयन हो गया है।
सहायक यंत्री सिविल के 24 पद शामिल थे। 72 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चयनित होना था, लेकिन 14 योग्य अभ्यर्थी ही मिल पाए। सहायक यंत्री कृषि के एक पद के लिए एक भी योग्य अभ्यर्थी नहीं मिल पाया। वहीं, सहायक यंत्री विद्युत के 7 पदों के लिए 24 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चुना गया है।
22 मार्च को परीक्षा, सवा दो माह बाद मिला परिणाम
परीक्षा 22 मार्च को हुई थी। सवा दो माह बाद रिजल्ट आया है। परीक्षा में रिकॉर्ड 60 फीसदी अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे थे। सिर्फ 40 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने यह परीक्षा दी थी। इस परीक्षा में 3800 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन 1520 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा दी थी। पिछली परीक्षा 24 अगस्त 2025 को हुई थी, इसमें उपस्थिति 55 प्रतिशत रही थी। वैसे पिछले साल हुई परीक्षा में 23 पदों के लिए रिकॉर्ड 8 हजार आवेदन आए थे, लेकिन परीक्षा देने 4400 ही अभ्यर्थी पहुंचे थे।
5 साल में दिए 91 पद, उसमें भी 11 खाली रह जाएंगे
रिजल्ट जारी होने के साथ ही स्टेट इंजीनियरिंग भर्ती परीक्षा में पद बढ़ाए जाने की संभावना भी खत्म हो गई है। दरअसल, अभ्यर्थियों की मांग 250 पदों की थी, लेकिन नाममात्र के पद दिए गए। पीएससी ने विज्ञापन के समय 29 पद दिए थे। बाद में 3 पद बढ़ाए गए थे। जानकारों का कहना है कि पीएससी की स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस एग्जाम के पद लगातार घट रहे हैं। चार साल में स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस के सिर्फ 91 पद दिए गए हैं। 2022 में सिर्फ 36 पद दिए गए थे। 2023 में वैकेंसी ही नहीं दी गई। 2024 में भी सिर्फ 23 पद ही थे, जबिक इस बार 32 हैं। यानि पांच साल में 91 पद दिए गए हैं।