Jobs Career: डीजल मैकेनिक का कोर्स कर बना सकते हैं बेहतर करियर, आईटीआई में मिल रही ट्रेनिंग
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को कक्षा में तकनीकी जानकारी देने के साथ वर्कशाप में प्रैक्टिकल कराया जाता है, जिससे वे इंजन और वाहनों से जुड़ी समस्या...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 25 Aug 2026 01:19:12 PM (IST)Updated Date: Tue, 25 Aug 2026 01:26:49 PM (IST)
डीजल मैकेनिक।HighLights
- डीजल मैकेनिक ट्रेड में प्रवेश के लिए 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
- अवधि संस्थान, निर्धारित ट्रेड संरचना के अनुसार एक या दो वर्ष हो सकती है।
- मुख्य काम डीजल इंजन और उससे जुड़े उपकरणों का निरीक्षण भी होता है।
दीप्ति मुले, जबलपुर। ऑटोमोबाइल और परिवहन क्षेत्र में लगातार बढ़ती जरूरतों के बीच डीजल मैकेनिक का प्रशिक्षण युवाओं के लिए रोजगार का अच्छा विकल्प बन सकता है। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आइटीआइ) में डीजल मैकेनिक ट्रेड का कोर्स कराया जाता है।
इस कोर्स में विद्यार्थियों को डीजल इंजन की कार्यप्रणाली, उसके रख-रखाव, खराबियों की पहचान और मरम्मत का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है।
तकनीकी क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवा प्रशिक्षण पूरा करने के बाद निजी क्षेत्र के साथ-साथ विभिन्न सरकारी विभागों में भी रोजगार के अवसर तलाश सकते हैं।
डीजल मैकेनिक ट्रेड में प्रवेश के लिए 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। पाठ्यक्रम की अवधि संस्थान और निर्धारित ट्रेड संरचना के अनुसार एक या दो वर्ष हो सकती है।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को कक्षा में तकनीकी जानकारी देने के साथ वर्कशाप में प्रैक्टिकल कराया जाता है, जिससे वे इंजन और वाहनों से जुड़ी समस्याओं को वास्तविक परिस्थितियों में समझ सकें।
इंजन की मरम्मत से लेकर सर्विसिंग तक
- डीजल मैकेनिक का मुख्य काम डीजल इंजन और उससे जुड़े उपकरणों का निरीक्षण, रख-रखाव और मरम्मत करना होता है।
- प्रशिक्षण में इंजन के विभिन्न हिस्सों की पहचान, इंजन की सर्विसिंग, आयल और फिल्टर बदलना, ईंधन प्रणाली की जांच, इंजन की खराबी का पता लगाना तथा आवश्यक पार्ट्स की मरम्मत और बदलने जैसी तकनीकी जानकारी दी जाती है।
- इसके अलावा विद्यार्थियों को वर्कशाप में इस्तेमाल होने वाले औजारों और मशीनों का सुरक्षित तरीके से उपयोग करना भी सिखाया जाता है।
- डीजल मैकेनिक का कोर्स पूरा करने के बाद युवाओं के लिए ट्रांसपोर्ट कंपनियों, आटोमोबाइल सर्विस सेंटर, डीजल वाहन वर्कशाप, बस और ट्रक ऑपरेटरों तथा सरकारी वाहन विभागों में रोजगार के अवसर हो सकते हैं।
- इसके अलावा कृषि क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले डीजल इंजन, पंप सेट और अन्य मशीनों की सर्विसिंग से जुड़े काम में भी प्रशिक्षित युवाओं की आवश्यकता रहती है।
नौकरी के साथ स्वरोजगार का विकल्प
- प्रशिक्षण लेने के बाद युवा नौकरी के साथ अपना काम भी शुरू कर सकते हैं। अनुभव हासिल करने के बाद डीजल इंजन रिपेयरिंग वर्कशाप या सर्विस सेंटर शुरू किया जा सकता है।
- छोटे स्तर पर वाहन सर्विसिंग और मरम्मत का काम शुरू करके धीरे-धीरे व्यवसाय का विस्तार किया जा सकता है।
- आईटीआई के व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार के लिए आवश्यक तकनीकी दक्षता प्रदान करना है।
- डीजल मैकेनिक ट्रेड में प्रैक्टिकल प्रशिक्षण महत्वपूर्ण है, क्योंकि इंजन की खराबी को समझने और उसे ठीक करने के लिए हाथों से काम करने का अनुभव जरूरी होता है।
- इसलिए इस क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले 10वीं पास युवा आईटीआई के डीजल मैकेनिक ट्रेड को एक रोजगारपरक विकल्प के रूप में चुन सकते हैं।