मंडी बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती परीक्षाः काले,गहरे नीले, हरे रंग के कपड़े और गहने प्रतिबंधित, केवल चप्पल पहनकर केंद्र में आने की अनुमति
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने मंडी बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन 26 अप्रैल को किया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 23 Apr 2026 10:20:03 AM (IST)Updated Date: Thu, 23 Apr 2026 10:26:53 AM (IST)
मंडी बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा के लिए ड्रेस कोड जारी। फोटो प्रतीकात्मक है। Photo Source AI GeneratedHighLights
- इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं
- अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य किया गया
- 26 अप्रैल को परीक्षा सुबह 10 से 12:15 बजे तक होगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने मंडी बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन 26 अप्रैल को किया है। शहर में 104 परीक्षा केंद्रों में कुल 34,168 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12:15 बजे तक होगी।
परीक्षा को पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए इस बार विशेष सख्ती बरती जा रही है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए मंडल ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं
अभ्यर्थियों को मोबाइल, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर या किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई अभ्यर्थी प्रतिबंधित सामग्री के साथ पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ड्रेस कोड भी किया गया तय
अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड भी अनिवार्य कर दिया गया है। केवल हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। काले, गहरे नीले और हरे रंग के कपड़े पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा जूते, मोजे, स्कार्फ और बेल्ट पहनने पर भी रोक रहेगी। अभ्यर्थियों को केवल चप्पल पहनकर ही केंद्र में आने की अनुमति दी गई है।
आभूषण पहनकर आने पर भी प्रतिबंध
साथ ही कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनकर आने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश को लेकर भी सख्ती बरती जाएगी। अभ्यर्थियों को सुबह साढ़े नौ बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद केंद्र के गेट बंद कर दिए जाएंगे। किसी भी स्थिति में लेट आने वालों को प्रवेश नहीं मिलेगा, इसलिए अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
तलाशी के बाद ही प्रवेश
सुरक्षा व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले हर अभ्यर्थी की पुलिस द्वारा सघन तलाशी की जाएगी, ताकि कोई भी प्रतिबंधित वस्तु अंदर न ले जाई जा सके। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को केवल काले या नीले बाल प्वाइंट पेन के साथ ही परीक्षा देने की अनुमति होगी।