
एजुकेशन डेस्क, नई दिल्ली। आयुर्विज्ञान में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (NBEMS) की ओर से राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-पीजी (NEET PG 2026 Admit Card) के अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। बोर्ड की ओर से नीट पीजी 2026 का एडमिट कार्ड 24 अगस्त 2026 को ऑनलाइन डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर लॉग इन डिटेल दर्ज कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
NBEMS परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के रजिस्टर्ड ईमेल पर भी एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक भेजेगा। अभ्यर्थी ईमेल में प्राप्त लिंक पर क्लिक करके सीधे अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड के साथ वैध पहचान पत्र ले जाना जरूरी होगा।
नीट पीजी 2026 परीक्षा का आयोजन 30 अगस्त 2026 को किया जाएगा। परीक्षा एक ही दिन और एक पाली में होगी। परीक्षा की समय-सारिणी के अनुसार अभ्यर्थियों को सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक परीक्षा देनी होगी।
प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर जाएं। होम पेज पर NEET PG सेक्शन पर क्लिक करें। इसके बाद एडमिट कार्ड/लॉगिन विकल्प चुनें। अब मांगी गई लॉगिन क्रेडेंशियल दर्ज करके सबमिट करें। जानकारी सही होने पर एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड करके प्रिंट किया जा सकता है।
नीट पीजी परीक्षा में 180 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 4 अंक मिलेंगे, जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक की माइनस मार्किंग होगी। अनुत्तरित प्रश्नों के लिए कोई अंक नहीं जोड़ा या घटाया जाएगा। परीक्षा पूरी करने के लिए 3 घंटे 30 मिनट का समय निर्धारित है।