
दीप्ति मुले, जबलपुर। डिजिटल दौर में लगभग हर व्यवसाय, संस्थान और सरकारी विभाग को वेबसाइट, वेब एप्लीकेशन और मोबाइल एप की जरूरत होती है। ऐसे में फुल स्टैक वेब डेवलपमेंट युवाओं के लिए तेजी से बढ़ता हुआ करियर विकल्प बनकर सामने आया है।
इस क्षेत्र में विद्यार्थी वेबसाइट और ऐप तैयार करने से लेकर उनके डिजाइन, प्रोग्रामिंग, डेटाबेस और सर्वर पर संचालन तक की पूरी प्रक्रिया सीखते हैं। आमतौर पर यह 6 से 12 महीने का शार्ट-टर्म या डिप्लोमा कोर्स होता है। विशेषज्ञों के अनुसार फुल स्टैक डेवलपर वह प्रोफेशनल होता है, जो वेबसाइट या वेब एप्लीकेशन के फ्रंटएंड और बैकएंड दोनों हिस्सों पर काम कर सकता है।
फ्रंटएंड में वेबसाइट का वह हिस्सा आता है, जिसे यूजर स्क्रीन पर देखता और इस्तेमाल करता है, जबकि बैकएंड में सर्वर, डेटाबेस और वेबसाइट के पीछे काम करने वाली प्रोग्रामिंग शामिल होती है।
कोर्स के दौरान विद्यार्थियों को एचटीएमएल, सीएसएस, जावास्क्रिप्ट, पीएचपी, डेटाबेस, जैसी तकनीकों की जानकारी दी जाती। संस्थान और कोर्स के अनुसार टेक्नोलाजी का पाठ्यक्रम अलग-अलग हो सकता है। विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट के माध्यम से वेबसाइट और वेब एप्लीकेशन तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाता है।
फुल स्टैक वेब डेवलपमेंट का कोर्स पूरा करने के बाद विद्यार्थी कई पदों पर काम कर सकते हैं। इनमें फुल स्टैक डेवलपर, फ्रंटएंड डेवलपर, बैकएंड डेवलपर, वेब डेवलपर, सॉफ्टवेयर डेवलपर, यूआई डेवलपर और जूनियर ऐप डेवलपर जैसे विकल्प शामिल हैं। इसके अलावा विद्यार्थी स्टार्टअप, आईटी कंपनियों, ई-कामर्स कंपनियों, डिजिटल मार्केटिंग एजेंसियों, बैंकिंग और वित्तीय संस्थानों, शिक्षा क्षेत्र, हेल्थटेक कंपनियों और सरकारी प्रोजेक्ट्स में रोजगार के अवसर तलाश सकते हैं।
कोर्स की खासियत यह है कि नौकरी के साथ-साथ फ्रीलांसिंग का विकल्प भी उपलब्ध रहता है। विद्यार्थी स्थानीय दुकानों, स्कूल-कॉलेजों, छोटे व्यवसायों और कंपनियों के लिए वेबसाइट एवं वेब एप्लीकेशन तैयार करके प्रोजेक्ट के आधार पर काम कर सकते हैं। अनुभव बढ़ने के बाद अपना वेब डेवलपमेंट स्टूडियो या डिजिटल सर्विस बिजनेस भी शुरू किया जा सकता है।
यह कोर्स उन युवाओं के लिए उपयोगी है, जिन्हें कंप्यूटर, तकनीक, डिजाइन और प्रोग्रामिंग में रुचि है। जिन विद्यार्थियों में समस्या का समाधान खोजने, नई तकनीक सीखने और लगातार अपने कौशल को अपडेट करने की क्षमता है, वे इस क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। सिर्फ सर्टिफिकेट हासिल करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को वास्तविक प्रोजेक्ट तैयार करने, कोडिंग, समस्या समाधान, टीमवर्क और कम्युनिकेशन स्किल पर भी ध्यान देना चाहिए।