
डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (UPPSC PCS 2026) के लिए आवेदन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 27 जुलाई 2026 निर्धारित की है।
ऐसे में जो अभ्यर्थी अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, उन्हें अंतिम समय की तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए जल्द से जल्द फॉर्म भर देना चाहिए। आवेदन केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in के माध्यम से स्वीकार किए जा रहे हैं।
अगर आवेदन पत्र भरते समय किसी अभ्यर्थी से कोई गलती हो जाती है, तो आयोग ने सुधार का भी अवसर दिया है। उम्मीदवार 3 अगस्त 2026 तक अपने आवेदन पत्र में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे। इसलिए आवेदन सबमिट करने के बाद भी सभी जानकारी एक बार जरूर जांच लें।
UPPSC PCS 2026 के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित पद के अनुसार स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री होना अनिवार्य है। आयु सीमा 21 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु में छूट मिलेगी। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 को आधार मानकर की जाएगी।
आवेदन करने के लिए सबसे पहले अभ्यर्थियों को UPPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर आवेदन पत्र में मांगी गई जानकारी भरनी होगी, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे और आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा। भविष्य के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट सुरक्षित रखना भी जरूरी है।
सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 125 रुपये निर्धारित किया गया है। एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 65 रुपये, जबकि दिव्यांग (PH) उम्मीदवारों को 25 रुपये शुल्क देना होगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते प्रक्रिया पूरी कर लें।