
पच्चीस साल पहले एक ऐसी फिल्म आई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस की कामयाबी के मायने बदल दिए, एक सांस्कृतिक पहचान बन गई और भारतीय सिनेमा पर अपनी अमिट छाप छोड़ गई।
वर्ष 2001 में रिलीज हुई ‘गदर : एक प्रेम कथा’ भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल हो गई थी। देश के बंटवारे की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म ने प्यार, त्याग, पारिवारिक मूल्यों और देशभक्ति को ऐसे अंदाज़ में पेश किया, जिसने हर पीढ़ी के दर्शकों को गहराई से जोड़ा।
तारा सिंह और सकीना की कहानी सिर्फ एक फिल्मी प्रेम कहानी बनकर नहीं रह गई, बल्कि एक ऐसा एहसास बन गई, जो आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है।
पिछले 25 वर्षों में इस फिल्म ने सिनेमाघरों, टेलीविजन और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए लगातार नए दर्शकों तक अपनी पहुंच बनाई है। यही वजह है कि आज भी इसे भारतीय सिनेमा की सबसे पसंदीदा फिल्मों में गिना जाता है। इसके किरदार, संवाद और कई यादगार पल आज भी देश की सामूहिक यादों का हिस्सा बने हुए हैं।
ज़ी स्टूडियोज़ के लिए भी ‘गदर’ बेहद खास मायने रखती है, क्योंकि यह उसकी पहली फिल्म थी। इसी फिल्म ने उस स्टूडियो की नींव रखी, जिसने अगले ढाई दशकों में भारतीय सिनेमा को कई यादगार कहानियां दीं।
आज जब ज़ी सिनेमा, ज़ी बॉलीवुड और ज़ी स्टूडियोज़ इस खास पड़ाव का जश्न मना रहे हैं, तब ‘गदर’ उस शुरुआत की याद दिलाती है, जिसने दर्शकों को एकजुट किया, कई रिकॉर्ड तोड़े और खुद को एक सदाबहार क्लासिक के रूप में स्थापित किया।
इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए ज़ी सिनेमा और ज़ी बॉलीवुड ‘गदर : एक प्रेम कथा’ का विशेष प्रसारण करेंगे। दर्शक सोमवार, 15 जून को दोपहर 2 बजे ज़ी सिनेमा और रात 8 बजे ज़ी बॉलीवुड पर इस फिल्म का आनंद ले सकेंगे और एक बार फिर उस जादू को महसूस कर पाएंगे, जो बीते 25 सालों से पीढ़ी दर पीढ़ी लोगों को प्रेरित करता आ रहा है।
फिल्म की इस यादगार विरासत पर बात करते हुए सनी देओल ने कहा, “तारा सिंह ने मुझे दर्शकों के साथ ऐसा रिश्ता दिया है, जो वक्त के साथ और मजबूत होता गया। पच्चीस साल बाद भी ‘गदर’ के लिए लोगों का प्यार उतना ही गहरा महसूस होता है। एक कलाकार के तौर पर इससे बड़ा सम्मान और क्या हो सकता है। थैंक यू इंडिया, इतने प्यार के लिए… हिंदुस्तान ज़िंदाबाद था! हिंदुस्तान ज़िंदाबाद है! हिंदुस्तान ज़िंदाबाद रहेगा! ”
अमीषा पटेल ने कहा, “सकीना हमेशा मेरी जिंदगी का बेहद खास हिस्सा रहेगी। पच्चीस साल बाद भी दर्शकों को इस किरदार और इस कहानी का जश्न मनाते देखना मेरे लिए बहुत भावुक कर देने वाला अनुभव है। ‘गदर’ हमेशा मेरे दिल के बेहद करीब रहेगी।”
गदर में छोटे बच्चे (सनी देओल और अमीषा पटेल के बेटे) की भूमिका निभाने वाले उत्कर्ष शर्मा ने कहा,
“यह मेरी पहली फिल्म थी, इसके लिए मैंने 100 दिनों तक शूटिंग की और बहुत सारा अनुभव हासिल किया। मैं ज़ी और सनी देओल सर का आभारी हूँ।”