
मनोरंजन डेस्क। ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा ने हाल ही में एक टीवी शो पर अपने रिश्ते को स्वीकार किया था। दोनों की केमिस्ट्री देखकर फैंस भी खुश थे, लेकिन कुछ ही दिनों बाद सोशल मीडिया पर दोनों के अनफॉलो करने की खबर आई। अब मामला कथित धोखे के आरोपों तक पहुंच गया।
अब ईशा की एक पोस्ट और अविनाश के बयान ने इस पूरे मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। ईशा ने बिना किसी का नाम लिए भरोसा टूटने और धोखा मिलने की बात कही है। वहीं अविनाश ने लोगों से उनकी निजी जिंदगी को तमाशा न बनाने की अपील की है। आखिर इस रिश्ते में विवाद शुरू कहां से हुआ और अब तक क्या-क्या हुआ?
ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा की नजदीकियां ‘बिग बॉस 18’ के दौरान बढ़ी थीं। शो में दोनों की दोस्ती और एक-दूसरे के लिए चिंता अक्सर देखने को मिलती थी। शो खत्म होने के बाद भी दोनों साथ नजर आते रहे, जिससे उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
अक्टूबर में अविनाश ने ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ जीता था। उस दौरान ईशा भी उनके साथ मौजूद थीं। अविनाश की जीत पर भावुक होती नजर आई थीं। इसके बाद दोनों के रिश्ते की खबरों को और हवा मिली।
8 नवंबर को ‘पति पत्नी और पंगा 2’ में दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की। ईशा ने कहा कि जब तक रिश्ता आधिकारिक नहीं होता, वह खुद को किसी के साथ रिश्ते में नहीं मानतीं। इस पर अविनाश ने कहा कि वे दोनों सिर्फ अच्छे दोस्त नहीं, बल्कि उससे ज्यादा हैं। इसके बाद फैंस को लगा कि दोनों ने आखिरकार अपने रिश्ते को स्वीकार कर लिया है।
रिश्ते को स्वीकार करने के कुछ ही दिनों बाद सोशल मीडिया पर खबरें आने लगीं कि ईशा और अविनाश ने एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है। इसके बाद दोनों के ब्रेकअप की चर्चाएं तेज हो गईं।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि ईशा को अविनाश के कथित धोखे के बारे में पता चला, जिसके बाद उन्होंने उनसे दूरी बना ली। कुछ रिपोर्ट्स में फोन पर तस्वीरें देखने को लेकर भी बातें कही गईं।
इसी बीच ईशा की मां का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें वह रिश्ते को लेकर परिवार की सहमति और बेटी को हुई तकलीफ का जिक्र करती सुनाई देती हैं। ऑडियो में कथित तौर पर धोखे की बात भी कही गई। हालांकि, इस ऑडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामले पर बढ़ती चर्चा के बीच अविनाश ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट शेयर किया। उन्होंने लिखा कि पिछले कुछ हफ्ते कई लोगों के लिए मुश्किल रहे हैं और मीडिया पेजों से उनकी निजी जिंदगी का सम्मान करने की अपील की।
अविनाश ने कहा कि रिश्ते निजी होते हैं, उन्हें मनोरंजन का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। हर बात व्यूज और एंगेजमेंट के लिए नहीं होती। उन्होंने लोगों से अपील की कि उन्हें शांति से अपनी जिंदगी जीने दिया जाए।
अविनाश के बयान के बाद ईशा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की, जिसे लोग उनके रिश्ते से जोड़कर देख रहे हैं। उन्होंने लिखा कि उनकी चुप्पी को कमजोरी न समझा जाए। अगर उन्हें मजबूर किया गया, तो वह नाम और सबूतों के साथ पूरी बात सामने रख सकती हैं।
ईशा ने यह भी कहा कि उन्होंने किसी पर भरोसा करके गलती की और उस व्यक्ति ने उनका भरोसा तोड़ा। अब जब कुछ लोगों के लिए आगे बढ़ना आसान है, तो वह भी ऐसा करने की कोशिश करेंगी।
ईशा ने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे अविनाश के लिए उनका जवाब माना जा रहा है।
अब अविनाश ने एक वीडियो पेस्ट कर माना है कि उनकी गलती की वजह से दोनों का रिश्ता खत्म हुआ है। वीडियो देखें...