
मनोरंजन डेस्क, नई दिल्ली। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण का आधिकारिक ट्रेलर (Ramayana Trailer) गुरुवार सुबह 4:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त में जारी किया गया। ट्रेलर में रणबीर कपूर भगवान राम (Ranbir Kapoor as Ram), साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण (Yash Ravana) के किरदार में नजर आए। भव्य विजुअल्स और पौराणिक कथा की झलकियों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा ट्रेलर में भगवान हनुमान के किरदार की अनुपस्थिति को लेकर हो रही है।

ट्रेलर की शुरुआत रावण के भव्य प्रवेश से होती है। यश का किरदार एक विशाल महल के दरवाजे पर पहुंचकर अपनी ताकत का प्रदर्शन करता है और 'रावण राज' की शुरुआत का ऐलान करता है। इसके बाद देवताओं और राजाओं के बीच बढ़ते संकट को दिखाया गया है, जिसके चलते भगवान विष्णु अयोध्या के राजा दशरथ के पुत्र राम के रूप में अवतार लेते हैं।
ट्रेलर में राम के शुरुआती जीवन, लक्ष्मण के साथ राक्षसों से संघर्ष और अयोध्या की रक्षा के दृश्य दिखाए गए हैं। कहानी आगे बढ़ते हुए उस अहम मोड़ तक पहुंचती है, जब कैकेयी को दिए गए वचन के कारण राजा दशरथ राम को 14 वर्षों के वनवास पर भेजते हैं। सीता भी उनके साथ वन जाने का निर्णय लेती हैं और यहीं से आगे की कथा की भूमिका तैयार होती है।

ट्रेलर में राम-सीता विवाह, वनवास, शूर्पणखा प्रसंग, सीता हरण और रावण के साथ युद्ध की झलक दिखाई गई है। हालांकि, भगवान हनुमान का किरदार कहीं भी नजर नहीं आया। यही वजह रही कि ट्रेलर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में दर्शकों ने सनी देओल के हनुमान लुक को लेकर सवाल उठाए।
कई यूजर्स ने कहा कि अगर ट्रेलर में हनुमान के रूप में सनी देओल की एक झलक भी दिखाई जाती तो उत्साह और बढ़ जाता। सोशल मीडिया पर उनके फर्स्ट लुक को जल्द जारी करने की मांग भी देखने को मिली।
The Ramayana Trailer.
This is where the EPIC BEGINS. 🏹
Namit Malhotra’s Ramayana
Directed by Nitesh Tiwari
Starring
Ranbir Kapoor as Rama
Yash as Ravana
Sai Pallavi as Sita
Sunny Deol as Hanuman
Music by Hans Zimmer & A.R. Rahman
Globally Distributed by Sony Pictures…
— Namit Malhotra (@malhotra_namit) July 29, 2026
ट्रेलर के विजुअल इफेक्ट्स और सिनेमाई प्रस्तुति को भी दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। कई लोगों का मानना है कि पहले जारी झलकियों की तुलना में वीएफएक्स और कलर ग्रेडिंग में स्पष्ट सुधार दिखाई देता है। खासकर बैकग्राउंड स्कोर, क्रिएचर इफेक्ट्स और भव्य दृश्य दर्शकों को प्रभावित करते हैं।
कुछ दर्शकों ने कुछ दृश्यों में सुधार की गुंजाइश भी बताई, लेकिन कुल मिलाकर ट्रेलर को लेकर उत्सुकता बढ़ी है। वहीं, रणबीर कपूर के भगवान राम और यश के रावण अवतार ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा। अब सबसे ज्यादा इंतजार सनी देओल के भगवान हनुमान वाले लुक के आधिकारिक खुलासे का है।