पहली बार साथ दिख सकते हैं शाहिद कपूर और जाह्नवी, कंगना ने किया भारत भाग्य विधाता का एलान
शाहिद एक बार फिर रोमांटिक कॉमेडी फिल्म करने को तैयार हैं। इस बार वह फिल्म बधाई हो के निर्देशक अमित शर्मा के साथ काम करने जा रहे हैं। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 07 May 2026 02:26:01 PM (IST)Updated Date: Thu, 07 May 2026 02:27:17 PM (IST)
HighLights
- शाहिद और जाह्नवी की जोड़ी पहली बार बन सकती है
- निर्देशक अमित शर्मा के साथ काम करने जा रहे हैं
- भारत भाग्य विधाता की प्रदर्शन तिथि की घोषणा
एंटरटेनमेंट डेस्क। रोमांटिक कॉमेडी फिल्म इश्क विश्क से अपने अभिनय सफर की शुरुआत करने के बाद अभिनेता शाहिद कपूर ने आगे चुप चुप के, जब वी मेट जैसी कई रोमांटिक कामेडी फिल्में कीं। इस जॉनर की उनकी आखिरी फिल्म साल 2024 में प्रदर्शित तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया थी।
अब शाहिद एक बार फिर रोमांटिक कॉमेडी फिल्म करने को तैयार हैं। इस बार वह फिल्म बधाई हो के निर्देशक अमित शर्मा के साथ काम करने जा रहे हैं। इस फिल्म में उनकी जोड़ी अभिनेत्री जाह्नवी कपूर के साथ बन सकती है।
शाहिद और जाह्नवी की जोड़ी पहली बार बन सकती है
सिनेमाई गलियारों की रिपोर्ट्स के अनुसार, शाहिद इस फिल्म को पहले ही स्वीकृति दे चुके हैं, वहीं जाह्नवी के साथ निर्माताओं की बातचीत अंतिम चरणों में है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो इस फिल्म में शाहिद और जाह्नवी की जोड़ी पहली बार बन सकती है।
शाहिद फिलहाल अपनी वेब सीरीज फर्जी 2 की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसकी शूटिंग के बाद वह इस साल की दूसरी छमाही में अमित शर्मा के साथ इस फिल्म की शूटिंग शुरू कर सकते हैं।
भारत भाग्य विधाता की प्रदर्शन तिथि की घोषणा
पिछले साल जनवरी में प्रदर्शित फिल्म इमरजेंसी के बाद अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत के प्रशंसकों को उनकी अगली फिल्म के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। बुधवार को कंगना ने अपनी अगली फिल्म भारत भाग्य विधाता की प्रदर्शन तिथि की आधिकारिक घोषणा की।
साल 2008 में मुंबई में हुए 26/11 के आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म 12 जून को प्रदर्शित होगी। फिल्म का निर्देशन माई और चीनी कम फिल्मों के लेखक मनोज तापड़िया ने किया है।
फिल्म को 'साधारण लोगों की असाधारण कहानी' बताया
कंगना ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर साझा कर लिखा, 'साधारण लोगों की असाधारण कहानी'। उस रात की कहानी जब मानवता डर से कहीं आगे खड़ी हुई। जब जिम्मेदारी बलिदान बन गई। जब एकता कर्तव्य बन गई और साहस ने लोगों की जिंदगी बचाई।
भारत के असली हीरो की अनकही कहानी
भारत भाग्य विधाता सिनेमाघरों में 12 जून को प्रदर्शित हो रही है।’ बता दें कि यह फिल्म 26/11 हमलों के दौरान मुंबई के कामा हास्पिटल पर हुए हमले पर आधारित है।