EV का बढ़ता क्रेज, लेकिन लापरवाही बनी खतरा; सही चार्जिंग और बैटरी केयर से ही सफर बनेगा सुरक्षित
Electric Vehicle Safety: EV वाहनों की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है, लेकिन सुरक्षा को लेकर लापरवाही चिंता बढ़ा रही है। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 24 Mar 2026 09:14:48 AM (IST)Updated Date: Tue, 24 Mar 2026 09:14:48 AM (IST)
तेजी से बढ़ा इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग (AI Generated Image)HighLights
- बैटरी को 20 से 80 प्रतिशत तक रखना सुरक्षित
- सर्टिफाइड चार्जर का उपयोग जरूरी बताया गया
- चार्जिंग के दौरान ओवरलोडिंग से बचना जरूरी
लाइफस्टाइल डेस्क: सस्ता, शांत और प्रदूषण मुक्त सफर इन्हीं खूबियों ने इलेक्ट्रिक वाहनों को शहर की पहली पसंद बना दिया है। सार्वजनिक परिवहन में ई-रिक्शा और ई-आटो से लेकर निजी उपयोग में ई-बाइक और ई-कारों (E-Vehicle) की संख्या तेजी से बढ़ रही है। लेकिन इस बढ़ते ट्रेंड के साथ एक बड़ा सवाल भी सामने आ रहा है क्या हम ईवी को उतनी ही जिम्मेदारी से इस्तेमाल कर रहे हैं जितनी जरूरत है।
इंदौर हादसे ने बढ़ाई चिंता
इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग के बीच हाल ही में इंदौर में चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट और विस्फोट की घटना ने सभी को झकझोर दिया। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। इस घटना ने यह साफ कर दिया कि तकनीक भले ही सुरक्षित हो, लेकिन लापरवाही इसे खतरनाक बना सकती है।
बैटरी की सेहत सबसे अहम
विशेषज्ञों के अनुसार, EV की बैटरी इसका सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होती है। गाड़ी को 100 प्रतिशत चार्ज होने के बाद लंबे समय तक प्लग में छोड़ना सही नहीं है। साथ ही बैटरी को बार-बार पूरी तरह डिस्चार्ज करना भी नुकसानदायक हो सकता है। बेहतर यह है कि बैटरी का स्तर 20 से 80 प्रतिशत के बीच रखा जाए।
चार्जिंग के दौरान बरतें सावधानी
ऑटोमोबाइल और बिजली विशेषज्ञों का कहना है कि चार्जिंग के दौरान छोटी गलती भी बड़ा जोखिम बन सकती है। बिजली विशेषज्ञ सौरभ पांडे के मुताबिक, हमेशा प्रमाणित (सर्टिफाइड) चार्जर का ही उपयोग करना चाहिए। सस्ते और लोकल एडाप्टर से बचना जरूरी है, क्योंकि ये शॉर्ट सर्किट का बड़ा कारण बनते हैं।
ओवरलोडिंग से बचना जरूरी
घर में EV चार्जिंग के लिए अलग हाई-कैपेसिटी लाइन लगवाना सुरक्षित विकल्प माना जाता है। चार्जिंग पॉइंट को हमेशा हवादार जगह पर रखना चाहिए और वायरिंग मजबूत होनी चाहिए। साथ ही चार्जिंग के दौरान एसी, वाशिंग मशीन या इंडक्शन जैसे भारी उपकरणों का उपयोग कम करना चाहिए, ताकि बिजली का लोड संतुलित बना रहे।
पुरानी वायरिंग: छुपा हुआ खतरा
अधिकतर घरों में पुरानी वायरिंग और कम क्षमता वाले कनेक्शन ईवी चार्जिंग के लिए उपयुक्त नहीं होते। बिना लोड चेक किए घंटों या पूरी रात चार्जिंग करना जोखिम को कई गुना बढ़ा देता है। ऐसे में सिर्फ वाहन ही नहीं, पूरा घर खतरे में आ सकता है।
ये सावधानियां रखें हमेशा याद
- बिना लोड चेक किए ईवी चार्ज न करें
- केवल सर्टिफाइड चार्जर का इस्तेमाल करें
- हाई-कैपेसिटी अलग लाइन लगवाएं
- चार्जिंग पाइंट हवादार जगह पर रखें
- 100 प्रतिशत चार्ज होते ही प्लग हटा दें
- बैटरी को बार-बार जीरो प्रतिशत तक न जाने दें
- 20–80 प्रतिशत चार्जिंग रेंज बनाए रखें
- लंबी ड्राइव के तुरंत बाद चार्जिंग से बचें
- तेज धूप में चार्जिंग न करें
- गाड़ी का साफ्टवेयर अपडेट रखें
यह बोले एक्सपर्ट
ईवी कार, स्कूटर के लिए घर में अलग से कनेक्शन की जरुरत नहीं होती, लेकिन लोड के अनुसार बिजली का उपयोग करना चाहिए। उपभोक्ताओं को हम समय-समय पर लोड बढ़ाए जाने के लिए नोटिस भी भेजते हैं। ओवर लोड हादसों का कारण बनते हैं।
-उमेश शर्मा, उपमहाप्रबंधक, नगर संभाग उत्तर