
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रक्षाबंधन के त्योहार पर तैयार होने के लिए अब बहुत हैवी लुक की जरूरत नहीं है। इस बार भोपाल की लड़कियों के बीच ऐसा फैशन ट्रेंड में है, जिसमें ट्रेडिशनल अंदाज के साथ आराम और स्टाइल दोनों का ध्यान रखा जा रहा है। कुर्ती-पैंट सेट, हल्के एथनिक आउटफिट, को-आर्ड सेट और अनारकली के साथ सटल मेकअप पसंद किया जा रहा है। वहीं पेस्टल रंगों से लेकर पिंक और रेड जैसे फेस्टिव शेड्स भी राखी के लिए पसंद किए जा रहे हैं।
इस राखी पर पेस्टल पिंक, पाउडर ब्लू, लैवेंडर, पिस्टा और साफ्ट ग्रीन जैसे हल्के रंग ट्रेंड में हैं। वहीं त्योहार का पारंपरिक रंग दिखाने के लिए मस्टर्ड, ब्राइट पिंक और रेड भी पसंद किए जा रहे हैं। यानी इस बार फैशन में बहुत ज्यादा चमक-दमक के बजाय साफ्ट कलर्स और एलिगेंट डिटेलिंग पर जोर है।
इस बार पूरे लुक को पूरा करने के लिए बहुत ज्यादा ज्वेलरी पहनने के बजाय एक-दो स्टेटमेंट पीस पर जोर है। कुर्ती-पैंट सेट के साथ आक्सीडाइज्ड या हल्की ट्रेडिशनल ईयररिंग्स, जबकि पेस्टल आउटफिट के साथ पर्ल या मिनिमल ज्वेलरी अच्छी लगेगी। अगर आउटफिट हैवी है तो ज्वेलरी हल्की रखना बेहतर रहेगा।
800 से 1000 रुपये में काटन और सिंपल प्रिंटेड कुर्ती या सेट मिल सकते हैं। 1000 से 2000 रुपये के बजट में बेहतर फैब्रिक और डिटेलिंग वाले कुर्ती-पैंट सेट उपलब्ध हैं। वहीं 2000 रुपये से अधिक के बजट में चंदेरी, लिनन-ब्लेंड, एम्ब्रायडर्ड अनारकली और डिजाइनर स्टाइल फेस्टिव आउटफिट लिए जा सकते हैं। मैचिंग दुपट्टा, ईयररिंग्स और आरामदायक फुटवियर के साथ पूरा लुक तैयार किया जा सकता है।

मैकअप आर्टिस्ट रचना शेवानी बताती हैं कि राखी दिन में मनाई जाती है, इसलिए मेकअप भी हल्का और फ्रेश रखने का ट्रेंड है। हैवी मैट बेस की जगह ग्लोइंग और ड्यूई बेस पसंद किया जा रहा है। आंखों पर न्यूड-पिंक या हल्का पिंक आईशैडो और थोड़ा शिमर लगाया जा सकता है। लिपस्टिक में न्यूड-पिंक, साफ्ट पिंक और नेचुरल शेड्स पूरे लुक को क्यूट और एलिगेंट बनाएंगे।
फैशन एक्सपर्ट नौशीन मेराज बताती हैं कि राखी के लिए इस बार कुर्ती-पैंट सेट सबसे पसंदीदा विकल्पों में शामिल है। इसकी खासियत यह है कि इसे त्योहार पर पारंपरिक लुक में पहना जा सकता है और बाद में अलग-अलग मौकों पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है। कालेज जाने वाली लड़कियों के बीच को-आर्ड सेट, शार्ट कुर्ती और कंटेम्पररी कुर्ती-पैंट सेट का ट्रेंड ज्यादा है। वहीं अनारकली और शरारा भी फेस्टिव लुक के लिए पसंद किए जा रहे हैं।