विश्व लाफ्टर डे आज, तनाव दूर करने का सबसे आसान उपाय हंसी, हंसने से हैप्पी हार्मोन्स हो जाते हैं सक्रिय
यदि हम रोज कुछ समय खुलकर हंसें, तो कई मानसिक और शारीरिक समस्याओं से बचा जा सकता है। हंसी न केवल तनाव को कम करती है, बल्कि जीवन में सकारात्मकता भी लाती ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 05 May 2026 10:32:33 AM (IST)Updated Date: Tue, 05 May 2026 10:32:33 AM (IST)
दत्त मंदिर में एक ग्रुप फोटो के माध्यम से लाफ्टर दिवस मनातीं महिलाएं। नईदुनियाHighLights
- विशेषज्ञों ने कहा हंसी से मस्तिष्क में आक्सीजन की आपूर्ति बढ़ती है
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर । हंसी सिर्फ खुशी का जरिया नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य की कुंजी भी है। आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव और भागदौड़ के बीच खुलकर हंसना एक ऐसी आदत बनती जा रही है, जो मानसिक और शारीरिक दोनों तरह से राहत देती है।
शरीर अधिक सक्रिय और स्वस्थ बना रहता है
विशेषज्ञों का मानना है कि जब हम खुलकर हंसते हैं, तो शरीर में “हैप्पी हार्मोन्स” सक्रिय हो जाते हैं। इससे न केवल मूड बेहतर होता है, बल्कि इम्युनिटी भी मजबूत होती है। हंसी से मस्तिष्क में आक्सीजन की आपूर्ति बढ़ती है और रक्त संचार भी बेहतर होता है, जिससे शरीर अधिक सक्रिय और स्वस्थ बना रहता है।
युवाओं के लिए स्ट्रेस बस्टर
आज के युवा हंसी को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। देवेश कुमकार बताते हैं कि उन्होंने पार्क में बुजुर्गों को लाफ्टर योग करते देखा और उसी से प्रेरित होकर दोस्तों के साथ हंसने की आदत शुरू की। अब वे रोजाना सुबह या शाम एक साथ समय बिताते हैं और खुलकर हंसते हैं, जिससे मानसिक तनाव काफी हद तक कम हो जाता है।
![naidunia_image]()
लाफ्टर योग से मिलती है नई ऊर्जा
नौकरीपेशा अमिता का कहना है कि व्यस्त जीवन में खुद को पाजिटिव बनाए रखने के लिए लाफ्टर योग बेहद कारगर है। वे नियमित रूप से इसे अपनाती हैं, जिससे उनका मन हल्का रहता है और दिनभर की थकान दूर हो जाती है। घर लौटने के बाद परिवार के साथ हंसी-मजाक करने से उन्हें मानसिक सुकून मिलता है।
परिवार संग हंसी, रिश्तों में मिठास
संयुक्त परिवार में रहने वाली रश्मि सिंह बताती हैं कि वे अपने परिवार के साथ कामेडी शो या फिल्में देखकर हंसी के पल साझा करती हैं। कभी पुराने किस्सों को याद कर हंसी-ठिठोली होती है, तो कभी कजिन्स के साथ मजेदार बातचीत। इससे न सिर्फ मन प्रसन्न रहता है, बल्कि रिश्तों में भी नजदीकियां बढ़ती हैं।
लाफ्टर डे का महत्व और इतिहास
वल्र्ड लाफ्टर डे की शुरुआत 1998 में डा. मदन कटारिया ने की थी। उनका उद्देश्य लोगों को यह समझाना था कि हंसी जीवन को बेहतर बनाने का एक सरल और प्रभावी माध्यम है। आज यह दिन दुनियाभर में उत्साह के साथ मनाया जाता है।