
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पिकनिक डे के अवसर पर शहर के ऐसे पर्यटन और प्राकृतिक स्थलों की चर्चा हो रही है, जहां परिवार, मित्रों और प्रकृति प्रेमियों को शांति, रोमांच और मनोरंजन का अनूठा अनुभव मिलता है। खासकर मानसून के मौसम में इन स्थानों की सुंदरता कई गुना बढ़ जाती है और यहां हरियाली, झरनों तथा पहाड़ियों के अद्भुत दृश्य देखने को मिलते हैं।
शहर के आसपास कई ऐसे स्थल हैं, जो ट्रैकिंग, कैंपिंग और फैमिली गेट-टुगेदर के लिए उपयुक्त माने जाते हैं। इनमें कुछ स्थान अपनी प्राकृतिक बनावट के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
प्राकृतिक और ऐतिहासिक स्थल न केवल मनोरंजन का अवसर देते हैं, बल्कि लोगों को प्रकृति के करीब जाकर तनावमुक्त होने का भी मौका प्रदान करते हैं। मानसून की दस्तक के साथ इन स्थानों की रौनक बढ़ने लगी है और आने वाले दिनों में यहां पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है।
बरगी क्षेत्र के सुकरी गांव के मार्ग पर स्थित नकटिया वाटरफाल रोमांच पसंद लोगों की पसंदीदा जगहों में शामिल है। घने जंगल और चट्टानों के बीच स्थित यह जलप्रपात बरसात के दिनों में जीवंत हो उठता है। यहां पहुंचने के लिए हल्की ट्रैकिंग करनी पड़ती है, जिससे एडवेंचर का अनुभव भी मिलता है। जलप्रपात के समीप प्राकृतिक गुफाएं और अनोखी शैल संरचनाएं इसकी खूबसूरती को और बढ़ाती हैं।
वन्यजीव और प्रकृति विशेषज्ञों का कहना है कि जबलपुर जिले में कई ऐसे झरने हैं, जो केवल वर्षा ऋतु में ही अपना स्वरूप दिखाते हैं। कुण्डम क्षेत्र और महानदी के आसपास बनने वाले मौसमी जलप्रपात प्रकृति प्रेमियों को विशेष रूप से आकर्षित करते हैं। मानसून के दौरान यहां का वातावरण बेहद मनोहारी हो जाता है।
शहर के सबसे लोकप्रिय पिकनिक स्थलों में शामिल डुमना नेचर पार्क हर आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित करता है। विशाल हरित क्षेत्र, वन्यजीवों की मौजूदगी और प्राकृतिक वातावरण यहां आने वालों को सुकून का अनुभव कराते हैं। बच्चों के लिए उपलब्ध मनोरंजन सुविधाएं और खुला वातावरण इसे फैमिली आउटिंग के लिए आदर्श बनाते हैं।
गढ़ा क्षेत्र स्थित जल मंदिर आज शहर के प्रमुख आकर्षणों में गिना जाता है। ऐतिहासिक महत्व रखने वाले इस स्थल का सौंदर्यीकरण किए जाने के बाद यहां पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ी है। शांत वातावरण और जलाशय के बीच स्थित यह स्थल युवाओं और परिवारों के बीच लोकप्रिय है।
बाजनामठ मंदिर के समीप स्थित संग्राम सागर तालाब प्राकृतिक और ऐतिहासिक विरासत का उत्कृष्ट उदाहरण है। पहाड़ियों से घिरा यह जलाशय वर्षा ऋतु में और अधिक आकर्षक दिखाई देता है। माना जाता है कि इसका निर्माण गोंड शासनकाल में कराया गया था। यहां आने वाले पर्यटक प्राकृतिक दृश्यों के साथ इतिहास की झलक भी महसूस करते हैं।
प्रकृति और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए देवताल, जलपरी तालाब और सूपाताल भी आकर्षण का केंद्र हैं। मानसून में इन स्थानों पर हरियाली की चादर बिछ जाती है, जबकि सूपाताल का रात्रिकालीन दृश्य देखने लायक होता है। पक्षियों की चहचहाहट और शांत वातावरण इन स्थलों को विशेष बनाते हैं।
विश्व प्रसिद्ध भेड़ाघाट अपने संगमरमरी घाटों, नर्मदा नदी और आसपास के प्राकृतिक दृश्यों के कारण पर्यटकों की पसंदीदा जगह बना हुआ है। बरसात के मौसम में यहां का सौंदर्य और भी निखर जाता है, जिससे यह पिकनिक और घूमने-फिरने के लिए बेहतरीन विकल्प बन जाता है।
यह भी पढ़ें- सीएपीएफ भर्ती में बायोमैट्रिक जांच में फर्जीवाड़ा का राजफाश, एसएससी परीक्षा में बैठे साल्वर का जबलपुर कनेक्शन