
नईदुनिया प्रतिनिधि, आलीराजपुर। जिले के जोबट थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे रखी एक बाल्टी में लगभग तीन माह का मृत भ्रूण मिलने की सूचना सामने आई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर जोबट थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे रखी एक बाल्टी में संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाल्टी की जांच की तो उसमें लगभग तीन माह का मृत भ्रूण मिला।
इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए साक्ष्य एकत्रित किए और पंचनामा तैयार कर भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया, ताकि उसकी मृत्यु के कारणों तथा अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी प्राप्त की जा सके।
प्रारंभिक जांच के आधार पर जोबट पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
साथ ही क्षेत्र के सरकारी एवं निजी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों तथा संबंधित रिकार्ड की भी जांच की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि भ्रूण वहां तक कैसे पहुंचा और उसे सड़क किनारे किसने छोड़ा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों तथा तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यदि जांच में किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जांच पूरी गंभीरता से जारी है।