नशेड़ी पुत्र का खौफनाक कदम, मामूली विवाद में पिता को तवे से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
अनूपपुर जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 23 Mar 2026 06:55:31 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Mar 2026 06:57:13 PM (IST)
HighLights
- अनूपपुर जिले की घटना
- नशे की हालत में पहुंचा था घर
- पुलिस मामले की जांच में जुटी
नईदुनिया प्रतिनिधि,अनूपपुर। अनूपपुर जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक कलयुगी पुत्र ने नशे की हालत में अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसके बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना अनूपपुर जिले के कोतमा क्षेत्र की है।
नशे की हालत में पहुंचा था घर
पुलिस विभाग से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 60 वर्षीय कृति प्रसाद शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 15 मार्च की रात जब कृति प्रसाद अपने घर में सो रहे थे, तभी उनका पुत्र सुशील शर्मा नशे की हालत में वहां पहुंचा और पिता से किसी बात को लेकर विवाद करने लगा।
रोटी बनाने वाले लोहे के तवा से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ हमला
विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर सुशील ने रोटी बनाने वाला लोहे का तवा उठा लिया और अपने पिता के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में वृद्ध पिता लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, जिन्होंने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद घायल कृति प्रसाद शर्मा को गंभीर हालत में अनूपपुर के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, सिर पर गहरी चोट होने और स्थिति चिंताजनक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल रेफर कर दिया।
रीवा में पिछले कुछ दिनों से उनका सघन उपचार चल रहा था, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद बीती रात उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस मामले में कोतमा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी पुत्र सुशील शर्मा को हिरासत में ले लिया है।
यह भी पढ़ें- थप्पड़ का बदला लेने के लिए फरसा से काट दिया गला, दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना के बाद से ही पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी। पिता की मृत्यु के बाद अब पुलिस इस मामले में धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी पुत्र के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर रही है। हालांकि, परिवार के अन्य सदस्य इस दुखद घड़ी में मीडिया के सामने कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।