
नईदुनिया प्रतिनिधि,अनूपपुर। जिले की पुलिस चौकी फुनगा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पयारी क्रमांक-एक में शनिवार सुबह चरित्र संदेह के चलते एक पति द्वारा अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका मुनिया बाई शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे अपने घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान उसका पति मायाराम चौधरी कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा और कथित रूप से चरित्र संदेह को लेकर पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण मुनिया बाई की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी फुनगा प्रभारी सोने सिंह परस्ते पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। सूचना मिलने पर एसडीओपी आरती शाक्य भी घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पति मायाराम चौधरी को हिरासत में ले लिया है। मृतका के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर घटना के कारणों और परिस्थितियों की पड़ताल में जुटी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।