हत्या या आत्महत्या? अशोकनगर में टोल नाके के पास कार में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी; गले पर मिले घाव के निशान
देहात थाना क्षेत्र के महाना गांव के पास स्थित टोल नाके के समीप खड़ी एक कार से युवक और युवती के शव बरामद होने के बाद हत्या और आत्महत्या को लेकर कई सवाल...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 25 Jun 2026 12:15:29 PM (IST)Updated Date: Thu, 25 Jun 2026 12:15:29 PM (IST)
मृतकों की पहचान ऋतिक और मुस्कान के तौर पर हुई है। नईदुनिया।HighLights
- अशोकनगर के महाना गांव के पास टोल नाके के समीप खड़ी कार से युवक और युवती के शव बरामद हुए
- युवती के गले पर घाव और युवक को गोली लगने के संकेत मिले हैं, जिससे मामला रहस्यमय हो गया है
- पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है, जबकि परिजन निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं
नईदुनिया प्रतिनिधि, अशोकनगर। जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। देहात थाना क्षेत्र के महाना गांव के पास स्थित टोल नाके के पास एक कार से युवक और युवती के शव बरामद होने के बाद हत्या और आत्महत्या को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
घाव और चोट के निशान मिले
मृतकों की पहचान ऋतिक और मुस्कान के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। कार के अंदर दोनों के शव पड़े मिले। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती के गले पर कटे हुए घाव तथा शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जबकि युवक को गोली लगी हुई है। घटनास्थल से एक पिस्टल और सल्फास भी बरामद किया गया है।
पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, वहीं परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
घर से घूमने का कहकर निकले थे
जानकारी के अनुसार युवक और युवती बुधवार शाम घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी थी। गुरुवार को ईसागढ़ टोल लेन के पास खड़ी एक ई-20 कार में दोनों के शव मिलने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई।
अब पुलिस की जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा आत्मघाती कदम है या फिर किसी बड़ी साजिश के तहत की गई दोहरी हत्या। फिलहाल सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।