पिपरई मतांतरण केस में मास्टरमाइंड जस्सी किन्नर भोपाल से गिरफ्तार, 10 हजार का था इनाम; बड़े रैकेट के संकेत
बालिकाओं के कथित मतांतरण, दुष्प्रेरण और जबरन निकाह से जुड़े संवेदनशील मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जस्सी किन्नर को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 18 Apr 2026 10:43:47 PM (IST)Updated Date: Sat, 18 Apr 2026 10:43:47 PM (IST)
मास्टरमाइंड जस्सी किन्नर भोपाल से गिरफ्तार( सांकेतिक फोटो)HighLights
- नाबालिगों के मतांतरण मामले में मुख्य आरोपित गिरफ्तार
- भोपाल से दबिश देकर विशेष टीम ने पकड़ा
- पुलिस को संगठित रैकेट के संकेत, जांच तेज
नईदुनिया प्रतिनिधि, अशोकनगर। थाना पिपरई क्षेत्र में नाबालिग बालिकाओं के कथित मतांतरण, दुष्प्रेरण और जबरन निकाह से जुड़े संवेदनशील मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जस्सी किन्नर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार यह गिरफ्तारी भोपाल के सीहोर बाइपास से विशेष जांच दल द्वारा की गई। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
इन मामलों में केस दर्ज है
इस मामले में 16 अप्रैल को पिपरई थाने में बीएनएस, पॉक्सो एक्ट, मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम और एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपितों पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
जांच में सामने आया है कि आरोपित नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर अन्य आरोपितों से मिलवाता था और कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करता था। पुलिस को यह भी संकेत मिले हैं कि इस पूरे मामले के पीछे एक संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।
पुलिस ने क्या कहा
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में गठित विशेष जांच दल इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है। एक विधि विवादित बालक को अभिरक्षा में लेकर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
इधर, काजल जगत मां ने इस मामले में बड़े रैकेट की आशंका जताते हुए कहा कि गिरफ्तार आरोपित सिर्फ एक कड़ी हो सकता है और जल्द ही बड़े नेटवर्क का खुलासा संभव है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और पूरे नेटवर्क को उजागर करने का प्रयास जारी है।