
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। बीमारी से प्रभावित गांव पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान माओवादियों ने मंत्री की हत्या तक कर दी थी, लेकिन प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के नेतृत्व में हमने बालाघाट से माओवादी हिंसा का पूरी तरह खात्मा किया है। अब इससे भी बड़ी चुनौती बैगा आदिवासी अंचलों तक सभी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि बैगा भाई-बहनों की आजीविका, पोषण आहार, बेहतर चिकित्सा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार और जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ उन तक पहुंचाया जाएगा। दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों में जाकर सुधार तथा बदलाव की आवश्यकताओं की पहचान की जाएगी।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में जल्द होगी 10 हजार शिक्षकों की भर्ती, संवरेंगे 700 जर्जर स्कूल, मोहन सरकार का बड़ा फैसला
वर्षों तक माओवादी साए में रहने के कारण बैगा आदिवासी समाज विकास की मुख्यधारा से पिछड़ गया है। इनके समग्र उत्थान के लिए पशुपालन, वनाधिकार, बकरी व मुर्गी पालन से लेकर रहन-सहन और पोषण सुधार पर व्यापक स्तर पर कार्य किया जाना बाकी है। सरकार का संकल्प है कि सभी चुनौतियों को पार कर बैगा आदिवासियों को समाज में बराबरी का दर्जा दिया जाएगा।