नईदुनिया न्यूज, वारासिवनी। वारासिवनी के ग्राम बासी बकेरा में जैक्सन बायो फ्यूल एथनाल प्लांट के प्रदूषण से प्रभावित होकर ग्राम झालीवाड़ा, बासी, बकेरा, बघोली, बोदलकसा, खापा, उमरवाड़ा, लालपुर के ग्रामीणों ने गुरुवार को कंपनी के सामने धरना प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि एथनाल प्लांट के कारण स्वास्थ्य और कृषि पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ रहा है। बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी बीमार हो रहे है और फसलों को भी भारी नुकसान हो रहा है।
वेस्टेज पदार्थ को आसपास की खाली जमीनों पर फेंका जा रहा
कंपनी द्वारा निकाले जाने वाले वेस्टेज पदार्थ को आसपास की खाली जमीनों पर फेंका जा रहा है, जिससे जंगली जानवर भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के माध्यम से फैक्ट्री के खिलाफ निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जहरीले रसायन और दुर्गंध से लोग गंभीर रूप से बीमार हो रहे
प्रदूषण के कारण ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ता जा रहा हैं। जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री से निकलने वाला धुआं, वेस्टेज पदार्थ, जहरीले रसायन और दुर्गंध से लोग गंभीर रूप से बीमार हो रहे हैं। स्कूलों के बच्चों को इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उनका आवागमन इसी फैक्ट्री के सामने से होता है।
कंपनी स्थानीय निवासियों को रोजगार प्रदान करे
धरना प्रदर्शन में ग्रामीणों ने यह भी मांग की कि कंपनी स्थानीय निवासियों को रोजगार प्रदान करे, जिससे उनकी बेरोजगारी की समस्या का समाधान हो सके। इसके अलावा कंपनी को स्वास्थ्य, शिक्षा, स्कूल, आंगनबाड़ी और सड़क लाइट जैसी समस्याओं पर ध्यान देने की आवश्यकता है।
सरकारी नियमों के अनुसार, कंपनी को सीएसआर फंड का उपयोग स्थानीय विकास के लिए करना चाहिए, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी इस दिशा में कोई कदम नहीं उठा रही है।
ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा
ग्राम पंचायत झालीवाड़ा से आए मोनू सरोवर देशमुख ने कंपनी के एचआर दिनेश सिंह से बातचीत की और प्रदूषण के प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यदि कंपनी स्थानीय विकास के लिए कार्य नहीं करती है, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।