'सस्पेंड करा दूंगा अगर...', बालाघाट में रिश्वत मांगने के आरोपों से घिरे अधिकारी को नेता की धमकी, ऑडियो वायरल
20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप से घिरे खाद्य एवं औषधि विभाग के लालबर्रा विभागीय अधिकारी नीरज विश्वकर्मा से भाजपा नेता की तीखी बहस का ऑडियो सोश ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 19 Apr 2026 08:34:02 PM (IST)Updated Date: Sun, 19 Apr 2026 08:34:02 PM (IST)
नेता ने फूड ऑफिसर को फोन पर धमकाया। (सांकेतिक तस्वीर)HighLights
- बालाघाट में 'पावर' और 'प्रोफेशन' की जंग
- नेता ने फूड ऑफिसर को फोन पर धमकाया
- बोले- लालबर्रा आना नहीं, सस्पेंड करा दूंगा
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। राइस मिल की जांच के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप से घिरे खाद्य एवं औषधि विभाग के लालबर्रा विभागीय अधिकारी नीरज विश्वकर्मा से भाजपा नेता की तीखी बहस का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। रविवार को तीन मिनट 26 सेकंड का ऑडियो दिनभर चर्चाओं में रहा। (नईदुनिया इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है)।
भ्रष्टाचार और निजी सामान उठाने के गंभीर आरोप
ऑडियो में भाजपा नेता खुद को पार्टी का कोषाध्यक्ष और अपना नाम राजेश गोस्वामी बता रहा है। वह अधिकारी पर किराना व्यापारियों से पांच-दस हजार रुपये मांगने, दुकान से जीरे, बिस्किट के पैकेट उठाने का आरोप लगा रहे हैं। जवाब में अधिकारी विश्वकर्मा इन आरोपों को गलत बता रहे हैं। ऑडियो में भाजपा नेता कहते हैं- ‘आप इतना आतंक क्यों कर रहे हैं। किराना व्यापारियों को क्यों परेशान कर रहे हैं। गरीब दुकानदारों को क्यों परेशान कर रहे हो। आपको कलेक्टर के सामने खड़ा कराकर सस्पेंड कराना पड़ेगा। जब सीएम आएंगे, तो उनके सामने खड़ा कराना पड़ेगा।
सस्पेंशन की धमकी और अधिकारी का पलटवार
आप अपनी बीवी के कहने पर दुकान से सामान के पैकेट उठाकर घर ले जा रहे हो। मैं आपको सस्पेंड करा दूंगा। लालबर्रा आना नहीं, आना तो ये फर्जी काम नहीं करना, लालबर्रा हमारा है। अगर किसी ने शिकायत की, तो मैं लोकायुक्त से पकड़वा दूंगा।’ नेता के आरोपों को नकारते हुए विभागीय अधिकारी विश्वकर्मा ने कहा- आप पावर में बैठे हैं, तो झूठे आरोप लगा दीजिए मुझ पर। मैं आपको कोर्ट में घसीटूंगा। मैं शासन के आदेश का ही पालन कर रहा हूं।
यह भी पढ़ें- भोपाल में रेलवे स्टेशन के नीचे दौड़ेगी मेट्रो, शुरू हुआ अहिल्याबाई TBM का इंस्टालेशन, 3 महीने में पूरा होगा टनल का काम
राइस मिल जांच और रिश्वत की शिकायत का मामला
बता दें कि शनिवार को लालबर्रा के खमरिया स्थित एक राइस मिल की जांच में पहुंचे नीरज विश्वकर्मा पर संचालक ने मिल में मकड़ी होने की बात कहकर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। इसके बाद राइस मिल संगठन के पदाधिकारी अधिकारी को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और शिकायत की थी। इस दौरान राइस मिलरों और नीरज विश्वकर्मा के बीच देर तक बहसबाजी हुई थी।