
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। मध्य प्रदेश में एथनाल उत्पादन के नाम पर हुए करोड़ों के फोर्टिफाइड चावल घोटाले की आंच अब भारतीय खाद्य निगम (एफसीआइ) तक पहुंच गई है। एसआइटी ने एफसीआइ बालाघाट में पदस्थ सहायक ग्रेड-एक सुरेंद्र सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार, एसआइटी ने संचेती राइस मिल के मैनेजर को भी गिरफ्तार किया है। दोनों को सोमवार को वारासिवनी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पांच अगस्त तक की पुलिस रिमांड मिली है।
सूत्रों के अनुसार सुरेंद्र सूर्यवंशी राइस मिल संचालकों और छिंदवाड़ा के एवीजे एग्रिको ग्रुप के एथनाल प्लांट के बीच चावल की हेराफेरी में मध्यस्थता कर रहा था। मिल संचालकों और प्लांट के बीच पैसों के लेनदेन का जिम्मा भी सुरेंद्र संभाल रहा था।
सुरेंद्र एफसीआइ गोदाम से जारी होने वाले चावल की जानकारी राइस मिल संचालकों को देता था। जांच में सुरेंद्र और गर्रा (वारासिवनी) स्थित विराज राइस मिल के बीच साठगांठ के पक्के सबूत एसआइटी के हाथ लगे हैं।
बता दें कि विराज राइस मिल का संचालक सुरेंद्र राणा है, जिसे एसआइटी ने 18 जुलाई को गिरफ्तार किया था। एसआइटी अब एफसीआइ कर्मचारी सुरेंद्र सूर्यवंशी की अन्य राइस मिल संचालकों से मिलीभगत की सूक्ष्मता से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में MBBS डॉक्टर से 97 हजार की ठगी... राजस्थान से 2 अरेस्ट, किराए के खातों से चल रहा था नेटवर्क
चावल घोटाले में गिरफ्तार विनोद शर्मा, अविनाश कावरे, गोपाल ठाकुर, राजेश संचेती, कुंजबिहारी पटले को सोमवार को पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद वारासिवनी न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने सभी आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। बता दें कि इस मामले में अब आरोपितों की संख्या 17 हो गई है, जबकि चार आरोपित फरार हैं।