
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। बालाघाट-गोंदिया नेशनल हाईवे पर स्थित मर्री टोल प्लाजा पर लोकल वाहनों से टोल वसूली शुरू करने के विरोध में गुरुवार को प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे ने भाजपा सरकार को घेर लिया है।
विभिन्न परिवहन और व्यापारी संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन कर जाम कर दिया। सुबह से शाम तक चले इस प्रदर्शन के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और गोंदिया की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों की दो टूक मांग है कि जब तक बैठक कर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक या तो टोल प्लाजा पूरी तरह बंद रखा जाए या बालाघाट के लोकल वाहनों से एक भी रुपया टोल न लिया जाए। देर शाम तक प्रदर्शन जारी रहा।
प्रदर्शन की सूचना पर प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। प्रशासन ने आश्वासन देते हुए 16 सितंबर को सभी संगठनों के साथ बैठक करने का निर्णय लिया, लेकिन टोल प्रबंधन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
बताया गया कि टोल प्लाजा के मैनेजर ने जब अपने उच्च अधिकारियों से फोन पर चर्चा की तो उन्होंने 50 प्रतिशत टोल कम करने का प्रस्ताव रखा, लेकिन प्रदर्शनकारी इस पर भी सहमत नहीं हुए।
संगठनों का कहना है कि मर्री टोल प्लाजा पर बालाघाट नंबर के लोकल वाहनों से टोल वसूली शुरू होने से ट्रक ट्रांसपोर्ट, बस यूनियन, सब्जी मंडी, अनाज मंडी सहित निजी वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
पदाधिकारी विशाल बिसेन ने कहा कि टोल की सबसे बड़ी विसंगति यह है कि किसी को सिर्फ रजेगांव तक जाना हो तो भी उसे उतना ही टोल देना पड़ रहा है जितना गोंदिया तक जाने के लिए देना होता है। इसके लिए दूरी के हिसाब से स्लैब तय किया जाना चाहिए था। लोकल वाहनों को छूट मिलनी चाहिए थी, जो नहीं दी गई। प्रशासन को पहले बैठक कर निर्णय लेना चाहिए था।
पूरन सिंह भाटिया ने कहा कि सड़क का काम अभी पूरा भी नहीं हुआ है और टोल शुरू कर दिया गया। यदि बालाघाट से रजेगांव तक सामान छोड़ना हो तो हजार रुपये टोल देना पड़ता है, जिसमें न तो गाड़ी का भाड़ा निकलता है और न ही डीजल का खर्च। इससे ट्रांसपोर्ट व्यवसाय ठप होने की कगार पर है।
प्रदर्शन में बालाघाट ट्रक ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, बस एसोसिएशन, सब्जी मंडी यूनियन, थोक अनाज यूनियन, वैनगंगा मजदूर संघ, जय हिंद टॉकीज मालवाहक यूनियन, सीमेंट-लोहा यूनियन सहित कई संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। जिला पंचायत सदस्य भी प्रदर्शन में मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- MP के बालाघाट में बैगा बच्चों की मौत पर फूटा आक्रोश, बंद रहा जिले का चारोंघूंट क्षेत्र