
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। शनिवार को मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव के प्रभावित गांवाें के दौरे के बीच मलेरिया से शनिवार सुबह दो और बच्चों की मौत हो गई। परसवाड़ा ब्लाक के मोहनपुर पंचायत की दस वर्षीय काजल पिता प्रभुलाल सैयाम और बैहर ब्लाक के ग्राम गोगाटोला (भंडेरी) के चार वर्षीय हिमांशु पिता जानसिंह मेरावी ने दम तोड़ दिया।
काजल को तेज बुखार था। 22 अगस्त को मोहनपुर स्वास्थ्य केंद्र में जांच के बाद उसे मलेरिया की पुष्टि हुई। 26 अगस्त को उसकी हालत बिगड़ गई। स्वजन उसे बालाघाट के एक निजी अस्पताल ले गए।
अस्पताल में गंभीर हालत के कारण उसे गोंदिया रेफर किया गया। शनिवार सुबह काजल की मृत्यु हो गई। काजल को सेलेब्रल मलेरिया था। वहीं, गोगाटोला में हिमांशु भी मलेरिया से पीड़ित था। परिजन उसका घर पर ही झोलाछाप डाक्टर से उपचार करा रहे थे।
मृतका काजल का परिवार जब उसका शव एम्बुलेंस से लेकर लौट रहा था, तब एक मप्र शासन लिखा सरकारी वाहन एंबुलेंस के पीछे चलता रहा। बताया गया कि शव को पुलिस की सुरक्षा में मोहनपुर तक लाया गया।
एंबुलेंस में बैठे परिजनों से जब बात करने की कोशिश की गई, तो वाहन में बैठे लाेगों ने मना कर दिया और एंबुलेंस को रवाना कर दिया। काजल के एक परिजन ने बताया कि उन्हें फोन पर बताया गया कि एंबुलेंस को कहीं रोकना नहीं है।
यह भी पढ़ें- शिक्षक पति की मौत के बाद अनुकम्पा नियुक्ति के लिए भटक रही पत्नी, बोली-चपरासी ही बना दीजिए