बालाघाट में रेत माफिया की दबंगई, शिकायत करने पर युवक को बेल्ट और ईंटों से पीटा, वीडियो वायरल होने के बाद एक गिरफ्तार; 3 फरार
रेत चोरी के खिलाफ आवाज उठाना एक युवक को भारी पड़ गया। शिकायत करने पर चार लोगों ने युवक की बेरहमी से पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 09 Apr 2026 03:52:11 PM (IST)Updated Date: Thu, 09 Apr 2026 03:52:11 PM (IST)
बालाघाट में रेत माफिया की दबंगईHighLights
- रेत चोरी की शिकायत के बाद युवक पर हमला
- बेल्ट, ईंट और मुक्कों से की गई पिटाई
- एक आरोपित गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी
नईदुनिया न्यूज, लांजी/बालाघाट। जिले में नदी घाटों से रेत चोरी के खिलाफ आवाज उठाना एक युवक को भारी पड़ गया। शिकायत करने पर चार लोगों ने युवक की बेरहमी से पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने चारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन फरार हैं।
एक आरोपी गिरफ्तार बाकी की तलाश
जांच अधिकारी सुंदर पवार के अनुसार पुलिस ने बंटी कालबेले को गिरफ्तार किया है। वहीं छोटू कालबेले, राजा कालबेले और नारायण मात्रे की तलाश जारी है। घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है, जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कलेक्ट्रेट में की थी शिकायत
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता नंदकिशोर पांचे ने सोन नदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायत कलेक्ट्रेट में की थी। आरोपित उसकी कछार की जमीन से ट्रैक्टर में रेत भरकर ले जा रहे थे, जिससे उसे नुकसान हो रहा था। पहले उसने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।
शिकायत के बाद खनिज विभाग ने राजस्व विभाग के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर जब्त किए थे। बताया गया कि जब्त ट्रैक्टर आरोपितों के ही थे। इससे नाराज होकर उन्होंने नंदकिशोर को निशाना बनाया।
आरोपितों ने गालियां देते हुए मारपीट की
पीड़ित के अनुसार सोन नदी पुल पर आरोपितों ने गालियां देते हुए मारपीट की। बंटी ने बेल्ट से हमला किया, छोटू ने ईंट के टुकड़े से और नारायण मात्रे ने हाथ-मुक्कों से पिटाई की। हमले में युवक के सिर, चेहरे और पीठ में चोट आई है। आरोपितों ने धमकी दी कि दोबारा शिकायत करने पर जान से मार देंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।