
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी : जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए बड़वानी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। 33 आरोपितों को गिरफ्तार कर बड़ी माता में अवैध शराब व महुआ लहान जब्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गठित टीमों ने अवैध शराब के संदिग्ध ठिकानों और निर्माण स्थलों पर एक साथ दबिश दी।
इस व्यापक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 33 आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध 33 आबकारी प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं। मौके से 370.6 लीटर अवैध शराब (अनुमानित कीमत ₹43,900/-) जब्त की गई। इसके अलावा, अवैध शराब बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया 9,100 किलोग्राम महुआ लहान (अनुमानित कीमत 9,10,000/-) मौके पर ही पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक शुक्ल ने बताया कि जिले में अवैध शराब की गतिविधियों में संलिप्त असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है। किसी भी सूरत में अवैध शराब के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़वानी पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
बड़वानी : रतलाम जिले में करीब 100 ग्राम एमडी मादक पदार्थ की जब्ती के बाद अब इसकी कड़ियां बड़वानी तक पहुंचती नजर आ रही हैं। मामले की जांच के सिलसिले में रतलाम पुलिस की एक विशेष टीम ने बड़वानी पहुंचकर कुछ संदिग्धों से पूछताछ की।
पुलिस टीम ने अपने पास उपलब्ध जानकारी के आधार पर संदिग्धों से प्रारंभिक पूछताछ कर मादक पदार्थ के संभावित नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई।दरअसल, रतलाम जिले के रिंगनोद थाना पुलिस ने पिछले दिनों महू-नीमच फोरलेन पर कार्रवाई करते हुए एक कार को रोककर तलाशी ली थी।
कार से करीब 100 ग्राम एमडी मादक पदार्थ बरामद हुआ था, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई। पुलिस ने कार में सवार पांच युवकों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में इंदौर, खरगोन और बड़वानी जिले के युवक शामिल थे। इनमें अंजड़ क्षेत्र के इमरान मंसूरी और शाहरुख मंसूरी भी शामिल बताए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ की।
इसी दौरान बड़वानी से जुड़े कुछ संदिग्धों और मादक पदार्थ की आपूर्ति से संबंधित जानकारी मिलने के बाद रतलाम पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। आपूर्ति नेटवर्क की तलाशबड़वानी टीआई बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि रतलाम पुलिस की टीम बड़वानी आई थी और मामले से जुड़े संदिग्धों से पूछताछ की गई है। रतलाम पुलिस अब मादक पदार्थ के स्रोत, आपूर्तिकर्ताओं, संभावित खरीदारों और पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
यह भी पढ़ें- सागर जहरीली शराब कांड के बाद उमरिया में अलर्ट, आबकारी विभाग ने की कार्रवाई, महरोई-उजनिया में मिलीं भट्ठियां