बड़वानी में सरपंच ने कराई थी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पानी के टैंकरों की चोरी, दो आरोपित धराए, सरपंच फरार
जिले की जुलवानिया पुलिस ने गत माह जुलवानिया में मुख्यमंत्री के भोंगर्या हाट आगमन के दौरान गायब हुए दो पेयजल टैंकर मामले में जांच के दौरान अनोखा मामला ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 19 Apr 2026 08:27:46 PM (IST)Updated Date: Sun, 19 Apr 2026 08:53:17 PM (IST)
पुलिस गिरफ्त में आरोपित एवं जब्त टैंकरHighLights
- मुख्यमंत्री के भोंगर्या हाट भ्रमण के दौरान चोरी हुए थे दो पानी के टैंकर
- आंगलगांव सरपंच सुनील मुजाल्दे के कहने पर आरोपितों ने की थी चोरी
- पुलिस ने दो आरोपितों को किया गिरफ्तार, 4 लाख रुपये के टैंकर बरामद
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। जिले की जुलवानिया पुलिस ने गत माह जुलवानिया में मुख्यमंत्री के भोंगर्या हाट आगमन के दौरान गायब हुए दो पेयजल टैंकर मामले में जांच के दौरान अनोखा मामला सामने आया। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को धरदबोचा। आरोपितों ने पूछताछ में उक्त चोरी की घटना आंगलगांव के सरपंच के कहने पर करना बताई। फिलहाल संबंधित सरपंच फरार हैं, जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।
बता दें कि 2 मार्च को जुलवानिया में आयोजित भोंगर्या हाट में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा आमजन के लिए पानी की व्यवस्था के लिए ग्राम पंचायत जुलवानिया और ग्राम पंचायत नीम सांगवी के दो पानी के टैंकर रखे गए थे। कार्यक्रम के दौरान अज्ञात व्यक्तियों द्वारा दोनों टैंकर चोरी हो गए थे।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और आरोपितों की गिरफ्तारी
इसकी शिकायत के बाद एसपी पद्म विलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिले में अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जुलवानिया पुलिस को चोरी के एक महत्वपूर्ण प्रकरण में सफलता प्राप्त की। जुलवानिया थाना प्रभारी रामकुमार पाटिल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों कमलेश पुत्र सुखलाल मुजाल्दे और पवन पुत्र नाहरसिंह वर्मा दोनों निवासी अगलगांव को गिरफ्तार किया। वहीं एक अन्य आरोपित सुनील मुजाल्दे सरपंच ग्राम पंचायत आंगलगांव फरार है। जब्त पानी के टैंकरों की कीमत चार लाख रुपये है।
47 दिन बाद दर्ज हुई रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
पुलिस के अनुसार 2 मार्च को चोरी गए पानी के टैंकर मामले में हाल ही में 17 अप्रैल को फरियादिया सुनिताबाई आमले निवासी जुलवानिया ने जुलवानिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले में पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपितों की पहचान कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। आरोपितों के कब्जे से चोरी किए गए दोनों पानी के टैंकर बरामद किए गए तथा घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी जब्त किया गया।
फरार सरपंच की तलाश और पुलिस टीम का योगदान
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि यह चोरी ग्राम पंचायत आंगलगांव के सरपंच सुनील मुजाल्दे के कहने पर की गई थी। उक्त आरोपित वर्तमान में फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। फरार आरोपित की तलाश के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई में जुलवानिया थाना प्रभारी सहित उप निरीक्षक सीताराम भटनागर, सहायक उप निरीक्षक संजय कुमरावत, प्रधान आरक्षक सतीश पाटीदार, प्रदीप पाटीदार, साइबर टीम के योगेश पाटील, आरक्षक अश्विन पाटीदार व सैनिक महेश पाटीदार का सहयोग रहा।
यह भी पढ़ें- एमपी को ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति... ग्वालियर, भोपाल समेत 7 जिलों में बनेंगे 19 नए पुल और फ्लाईओवर