सोशल मीडिया का कमाल... पंजाब के मोहाली से लापता बुजुर्ग बड़वानी में मिले, 1200 किमी दूर से लेने आया परिवार
बड़वानी जिले के सेंधवा शहर में इंसानियत, जागरूकता और तकनीक के संगम की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने यह साबित कर दिया कि अगर समाज एकजुट होकर काम करे ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 18 Apr 2026 08:18:40 PM (IST)Updated Date: Sat, 18 Apr 2026 08:18:40 PM (IST)
बड़वानी में मिले पंजाब के लापता बुजुर्ग।HighLights
- बड़वानी में मिले पंजाब के लापता बुजुर्ग
- 1200 किमी दूर से लेने आया परिवार
- 20 दिन बाद अपनों को देख रो पड़े
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। सेंधवा शहर में इंसानियत, जागरूकता और तकनीक के संगम की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने यह साबित कर दिया कि अगर समाज एकजुट होकर काम करे तो कोई भी भटका हुआ व्यक्ति अपने घर तक पहुंच सकता है। करीब 20 दिनों से लापता पंजाब के एक बुजुर्ग को सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से उनके स्वजनों से मिलवाया जा सका।
असहाय अवस्था में मिले थे बुजुर्ग
जानकारी के अनुसार पुराना एबी रोड स्थित पुराने आरटीओ बैरियर शंकर मंदिर परिसर में एक बुजुर्ग असहाय अवस्था में भटकते हुए मिले। राहगीरों की नजर जब उन पर पड़ी तो स्थिति चिंताजनक लगी। इसी दौरान आसरा फाउंडेशन के सदस्य विजय शर्मा और उनकी टीम मौके पर पहुँचे और उन्होंने तुरंत मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए बुजुर्ग को सहारा दिया। इस दौरान निलेश जैन, विकास नागराज, गोपाल शर्मा, अशोक राठौड़ और जावेद खान का विशेष सहयोग मिला।
कड़ी मशक्कत के बाद हुई पहचान
बुजुर्ग शारीरिक रूप से कमजोर थे और अपनी पूरी जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं दे पा रहे थे। इसके बावजूद टीम ने हार नहीं मानी और पहचान की प्रक्रिया शुरू की। उन्होंने बुजुर्ग से बार-बार अलग-अलग तरीके से बातचीत कर उनके प्रदेश, जिला और गांव के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की।
जब सीधी जानकारी नहीं मिल पाई, तब कड़ी मशक्कत के बाद प्रारंभिक जानकारी स्पष्ट हुई। फिर समाजसेवी महेंद्र परिहार से संपर्क किया गया और इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर बुजुर्ग की जानकारी व फोटो साझा की गई। मानव सेवा समिति सहित अन्य समाजसेवी संगठनों ने भी इस कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।
1200 किमी दूर मोहाली से पहुंचे परिजन
शुक्रवार रात इस प्रयास का सकारात्मक परिणाम सामने आया, जब पंजाब से बुजुर्ग के भतीजे अतुल जैन का फोन आया। इंटरनेट मीडिया पर साझा फोटो देखकर उन्होंने बुजुर्ग की पहचान अपने ताऊ राजेंद्र कुमार जैन, निवासी बारुड, जिला मोहाली (पंजाब) के रूप में की। करीब 1200 किलोमीटर की दूरी तय कर शनिवार को अतुल जैन अपने अन्य स्वजनों के साथ सेंधवा पहुंचे।
पुलिस की मौजूदगी में हुआ मिलन
शहर थाना परिसर में पुलिस की मौजूदगी में बुजुर्ग को उनके स्वजनों के सुपुर्द किया गया। अपनों को सामने देख बुजुर्ग की आँखें भर आईं और परिजनों ने सेंधवा की सामाजिक संस्थाओं और जागरूक नागरिकों का सहृदय आभार व्यक्त किया।