अप्रैल में आग बरसाने लगा सूर्य, बड़वानी में लू के बीच 43 डिग्री दर्ज हुआ पारा!
जानकारी के अनुसार निमाड़ अंचल में मार्च माह के साथ ही मौसम में शुष्की समाने लगती हैं और अप्रैल माह से लेकर जून माह तक भीषण गर्मी का दौर चलता है। हालां ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 25 Apr 2026 06:57:31 PM (IST)Updated Date: Sat, 25 Apr 2026 07:04:47 PM (IST)
बड़वानी में भीषण गर्मी।HighLights
- कल तापमान बढऩे का अनुमान, सडक़ों पर छाया सन्नाटा।
- भीषण गर्मी में धूप से बचने के लिए मुंह ढंककर जा रहे लोग।
- ओपीडी में शनिवार को मरीजों की संख्या कम नजर आई।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। ग्रीष्मकाल में अपने गर्म मिजाज के लिए विख्यात निमाड़ अंचल अब अपनी तासीर अनुरुप गर्म वातावरण से जनजीवन के कंठ सूखा रहा हैं। अप्रैल माह में ही मई-जून की तरह आग बरसाने वाली धूप व गर्मी जनजीवन को हलकान करने लगी है।
शनिवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया, तो रात्रि में भी गर्मी का असर बढ़ते हुए न्यूनतम तपामान 28 डिग्री तक पहुंच गया।
उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह मौसम बदलाव के बीच धूप-बादल की स्थिति बनी थी। हालांकि अप्रैल माह की शुरुआत से ही तापमान का मिजाज सुर्ख बना हुआ हैं।
अप्रैल के समापन और मई माह की आमद के साथ वातावरण भीषण गर्मी की तीव्रता बरसाने लगा है। दिन के समय हीटवेव और आग बरसाती धूप के चलते दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक मुख्य मार्गों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। वहीं शादियों के आयोजनों में भी भीषण गर्मी का खलल पडऩे लगा है।
अधिकांश शादियों में भोज सहित अन्य वैवाहिक कार्यक्रम दिन के बजाय शाम या रात्रि के समय ही संपन्न किए जा रहे हैं। आग बरसानी धूप व गर्म हवाओं के चलते दिन में यात्री बसों में भी असर दिखने लगा है। मौसम अलर्ट के अनुसार 26 व 27 अप्रैल को तापमान का पारा और बढ़ेगी और गर्मी का प्रकोप अधिक रहेगा।
राजस्थान की गर्म हवाओं से तप रहा निमाड़
- जानकारी के अनुसार निमाड़ अंचल में मार्च माह के साथ ही मौसम में शुष्की समाने लगती हैं और अप्रैल माह से लेकर जून माह तक भीषण गर्मी का दौर चलता है।
- हालांकि इस बार अप्रैल माह में ही गर्मी का पारा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने लगा है।
- मौसम विशेषज्ञों की माने तो इस समय राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं का असर बढऩे से मप्र सहित निमाड़ अंचल में भीषण गर्मी बढ़ गई है।
- गर्मी की तपिश के बीच लू का अलर्ट भी स्वास्थ्य विभाग गत दिनों ही जारी कर चुका है।
- दोपहर के समय स्कूल-आंगनवाड़ी के समय में बदलाव हो चुका है, तो दिन के समय लोग घरों से बेवजह बाहर निकलने से भी बच रहे है।
नर्मदा बैकवाटर 130 मीटर से नीचे आया
शहर के समीप नर्मदा नदी में सरदार सरोवर बांध का बैकवाटर बढक़र अब फिर कम होने लगा है। बढ़ोतरी की तरह पानी की कमी की गति भी काफी धीमी है। शनिवार को बैकवाटर का लेवल 130 से कम होकर 129.98 मीटर दर्ज किया गया। जबकि तीन-चार दिन पूर्व तक बैकवाटर 130.25 मीटर तक पहुंचा था। हालांकि अब भी बड़वानी-राजघाट के बीच सडक़ मार्ग जलमग्न हैं। वहीं दत्त मंदिर भी पानी से घिरा हुआ है।
ओपीडी 800 पार, लू के मरीज कम
- जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इस समय सबसे ज्यादा सामान्य रुप से बुखार, पेट दर्द और उल्टी-दस्त के मरीज उपचार के लिए आ रहे है।
- जिला चिकित्सालय की ओपीडी प्रतिदिन औसत 800 सेअधिक दर्ज हो रही है। विभाग ने लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है।
- जिला अस्पताल में आईसीयू, इमरजेंसी ओपीडी, सोलह पलंग में अतिरिक्त आरक्षित कक्षों की व्यवस्था की गई है। फिलहाल लू संबंधित मरीज नाम मात्र के आ रहे हैं।
- मरीजों को डॉक्टर्स द्वारा अधिक पानी पीने, समय पर भोजन करने, संतुलित व पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी जा रही है।