बड़वानी में मरीज को हॉस्पिटल छोड़कर आ रहे लोगों की कार खाई में गिरी, दो की मौत
बड़वानी के बिलियापानी घाट में झपकी लगने से कार खाई में गिर गई। हादसे में दो युवकों की मौत हुई, जबकि दो अन्य गंभीर घायल हुए, जिनका इलाज जारी है। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 03 Apr 2026 01:27:48 PM (IST)Updated Date: Fri, 03 Apr 2026 01:37:08 PM (IST)
शुक्रवार को एक कार हादसे का शिकार हो गई। (फोटो- नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- चालक को झपकी आने से कार खाई में गिरी
- हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत
- दो अन्य युवक गंभीर घायल अस्पताल में भर्ती
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। पहाड़ी क्षेत्र पाटी थाना क्षेत्र के गोलगांव में शुक्रवार को एक कार हादसे का शिकार हो गई। दरअसल, बिलियापानी घाट पर बड़वानी से सेमलेट जा रही एक कार गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर घायल हुए।
पुलिस के अनुसार वाहन चालक को नींद आने के कारण हादसा हुआ। चालक को झपकी लगने से अनियंत्रित कार गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में सकरीया पुत्र रजान की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन चालक इकराम पुत्र रुलसिंग की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई।
पुलिस के मुताबिक सेमलेट गांव के चार युवक रात में एक गंभीर बीमार व्यक्ति को इलाज के लिए पाटी लाए थे। मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया था। बीमार व्यक्ति को अस्पताल छोड़कर ये युवक वापस घर लौट रहे थे। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना होते देख तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर प्रभारी एसडीओपी महेश सुनैया के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।
गंभीर घायलों का इलाज जारी
पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद खाई से मृतकों और घायलों को बाहर निकाला। बियालाल पुत्र भीमसिंग और भंगा पुत्र रजान गंभीर घायल है, जिनका इलाज जारी है।