
बैतूल। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने न्यायालय परिसर में उत्पात मचाते हुए तोड़फोड़, गाली-गलौज और पुलिसकर्मियों से मारपीट कर दी। घटना के बाद न्यायालय परिसर में मौजूद न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं में हड़कंप की स्थिति बन गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब पांच बजे एक युवक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से जिला न्यायालय परिसर पहुंचा। उसकी बाइक जिला एवं सत्र न्यायाधीश के वाहन से टकरा गई। इसके बाद वह बाइक लेकर न्यायाधीश के चेंबर की ओर बढ़ा और वहां घुसने का प्रयास करने लगा। न्यायालय कर्मचारियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह आक्रामक हो गया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बाद में न्यायालय परिसर स्थित हनुमान मंदिर पहुंचा, जहां उसने मंदिर के गेट को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान वह लगातार शोर-शराबा करता रहा, जिससे न्यायालय परिसर में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर न्यायालय परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपित को काबू में करने का प्रयास किया, लेकिन उसने उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़कर सुरक्षा कक्ष में ले जाया, जहां भी वह अभद्र व्यवहार करता रहा। बाद में उसे गंज थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मुख्य जिला एवं सत्र न्यायाधीश न्यायालय के भृत्य राजकुमार उइके ने कोतवाली थाना प्रभारी को दी गई शिकायत में बताया गया है कि पूरी घटना न्यायालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकार्ड हुई है। आरोपित की हरकतों से न्यायालय परिसर में मौजूद अधिवक्ता, पक्षकार और कर्मचारी भयभीत हो गए थे। आरोपित की पहचान लोकेश प्रजापति निवासी कंपनी गार्डन बैतूल के रूप में हुई है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।