मुंह में कपड़ा ठूंसा, पैर बांधे और 70 वर्षीय पिता को कुएं में धकेला, बैतूल में बेटे-बहू की खौफनाक करतूत
बाबू की पत्नी कमला उन्हें तलाशते हुए कुएं के पास पहुंचीं। कुएं से आवाज सुनाई देने पर उन्होंने ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों की मदद से बुजुर्ग को कुएं...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 07 Sep 2026 07:20:58 PM (IST)Updated Date: Mon, 07 Sep 2026 07:22:06 PM (IST)
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। नईदुनिया।HighLights
- जमीन के विवाद में पिता को कुएं में फेंका
- कुएं में धकेला और ऊपर से पत्थर भी फेंके गए
- करीब पांच घंटे बाद पत्नी को कुएं से आवाज सुनाई दी
नईदुनिया प्रतिनिधि, बैतूल। बोरदेही थाना क्षेत्र में जमीन को लेकर हुए विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, 48 वर्षीय बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर 70 वर्षीय पिता से मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उन्हें कुएं में फेंक दिया।
घटना के बाद बोरदेही पुलिस ने आरोपी बेटे और बहू को गिरफ्तार कर लिया है।
जमीन विवाद का मामला
पुलिस के मुताबिक ग्राम टुराबोरगांव निवासी 70 वर्षीय बाबू कड़वे ने 5 सितंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 सितंबर को वह अपने खेत में बने मकान में सो रहे थे।
दोपहर करीब 2 बजे उनका बेटा दिलीप कड़वे और बहू देवकी कड़वे वहां पहुंचे। खेत बेचने की बात को लेकर दोनों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
मोटर की रस्सी ने बचाई जान
आरोप है कि मारपीट के बाद दोनों ने बुजुर्ग के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और पैर बांध दिए। इसके बाद उन्हें घसीटते हुए कुएं के पास ले गए और जान से मारने की नीयत से कुएं में धक्का दे दिया। बुजुर्ग कुएं में लगी मोटर की रस्सी के सहारे लटके रहे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कुएं के ऊपर से पत्थर भी फेंके, जिससे उन्हें चोटें आईं।
पत्नी की नजर पड़ी तो ग्रामीणों ने की मदद
शाम करीब 7 बजे बाबू की पत्नी कमला उन्हें तलाशते हुए कुएं के पास पहुंचीं। कुएं से आवाज सुनाई देने पर उन्होंने ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों की मदद से बुजुर्ग को कुएं से बाहर निकाला गया।
पीड़ित की शिकायत पर बोरदेही पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी दिलीप कड़वे (48) और उसकी पत्नी देवकी कड़वे (43) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रस्सी भी जब्त की है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।