भिंड में दबंगों ने 50 वर्षीय व्यक्ति को लाठियों से बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने दर्ज की FIR
घटना दो दिन पहले शनिवार की है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
Publish Date: Tue, 28 Jul 2026 10:38:54 AM (IST)Updated Date: Tue, 28 Jul 2026 10:41:58 AM (IST)
50 वर्षीय व्यक्ति को पीछते दबंग। वीडियोग्रेबHighLights
- मालनपुर के घिरोंगी गांव की घटना
- रास्ते में घेरकर लाठियों से हमला
- वर्चस्व की लड़ाई में वारदात
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। मालनपुर थाना अंतर्गत घिरोंगी गांव में 50 वर्षीय व्यक्ति के साथ बेरहमी से मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक व्यक्ति को लाठियों से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना दो दिन पहले शनिवार की है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
करतार बाइक से जा रहा था गांव
जानकारी के अनुसार घायल की पहचान 50 वर्षीय करतार सिंह बघेल निवासी घिरोंगी गांव के रूप में हुई है। बताया गया कि करतार सिंह अपने एक साथी के साथ बाइक से गांव जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गांव के जयसिंह गुर्जर और उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि बाइक से उतरने का मौका दिए बिना आरोपियों ने लाठियों से हमला कर दिया। मारपीट में करतार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी वारदात का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के पीछे गांव में वर्चस्व का कारण माना जा रहा है। आरोप है कि हमलावर करतार सिंह को लंबे समय से निशाना बना रहे थे और मौका मिलते ही उन्होंने हमला कर दिया।
पीड़ित करतार सिंह बघेल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआइआर दर्ज कर ली गई है। घायल का उपचार कराया जा रहा है। बहुप्रसारित वीडियो के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। - प्रदीप सोनी, टीआई थाना मालनपुर