भिंड में डीजे पर डांस को लेकर बरातियों और घरातियों में चले लाठी-डंडे और चाकू, बिना दुल्हन लौटी बरात
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 04 Jun 2026 10:25:25 AM (IST)Updated Date: Thu, 04 Jun 2026 10:26:01 AM (IST)
विवाद के बाद बिना दुल्हन के लौटती बरात (एआई से बना चित्र)।HighLights
- भिंड के लहार के सीकरी जागीर गांव की है घटना
- मारपीट में बदले लाठी-डंडे और धारदार हथियार
- विवाद में दोनों पक्ष के कई लोग घायल
नईदुनिया न्यूज, लहार। लहार थाना अंतर्गत ग्राम सीकरी जागीर में मंगलवार रात एक शादी समारोह के दौरान म्यूजिक सिस्टम पर डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बरात और लड़की पक्ष के रिश्तेदारों के बीच हुई कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते लाठी-डंडे, लोहे के सरिए और धारदार हथियार चलने लगे। घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि बरात में शामिल वाहनों में तोड़फोड़ कर उनके कांच फोड़ दिए गए। हालात बिगड़ने पर बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई।
किराए की कारों में तोड़फोड़
जानकारी के अनुसार सीकरी जागीर निवासी मुस्तफा खान की बेटी के विवाह समारोह में गोहद के डिरमन पाली से बरात पहुंची थी। दरवाजे पर म्यूजिक सिस्टम पर डांस के दौरान युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही मारपीट में बदल गया।
विवाद के बाद अस्पताल में उपचार कराता घायल युवक। -नईदुनिया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया। एक पक्ष के शब्बीर खान पुत्र सलामत खान निवासी डिरमन पाली गोहद ने आरोप लगाया कि हारुन खान पुत्र शप्पू खान, इरफान खान पुत्र रज्जाक खान और कल्लू खान पुत्र अवतार खान निवासी टुडीला थाना मालनपुर ने उसके साथ मारपीट की तथा किराए से लाई गई कारों में तोड़फोड़ की।
वहीं दूसरे पक्ष के इरफान खान निवासी टुड़ीला मालनपुर ने आरोप लगाया कि आरिफ खान ने उसके चचेरे भाई जहीर खान और चाचा आलम शरीफ पर लोहे के डंडे से हमला किया। घटना के बाद दोनों पक्ष लहार थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रास एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्रास मामला दर्ज: दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रास मामला दर्ज की गई है। घायलों का मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।- शिवसिंह यादव, टीआई थाना लहार।