भिंड में धार्मिक गीतों की आड़ में चल रही थी अवैध हथियारों की फैक्ट्री, पिता-पुत्र गिरफ्तार, 10 कट्टे बरामद
सबसे चौकाने वाली बात यह सामने आई है कि हथियार बनाने के दौरान मशीनों और औजारों से होने वाली आवाज को छिपाने के लिए आरोपित मकान में तेज आवाज में धार्मिक ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 14 Jun 2026 09:51:47 AM (IST)Updated Date: Sun, 14 Jun 2026 09:52:23 AM (IST)
प्रतीकात्मक चित्र।HighLights
- धार्मिक गाने बजाकर तैयार करते थे हथियार
- यूपी से ऑनलाइन मंगवाते थे पुर्जे
- अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े तस्करी के तार
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। शहर के दुर्गा नगर क्षेत्र में घनी आबादी के बीच संचालित हो रही अवैध हथियार फैक्ट्री का भिंड पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। मौके से 315 बोर के 10 देसी कट्टे, कारतूस और हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले बड़ी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
अवैध हथियार फैक्ट्री से जुड़ी जानकारी देते हुए एसपी और टेबल पर रखी जब्त सामग्री। नईदुनिया अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े होने के संकेत
प्रारंभिक जांच में इस पूरे नेटवर्क के अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस के अनुसार लहार रोड स्थित दुर्गा नगर इलाके के एक खाली मकान में लंबे समय से अवैध हथियार बनाने का कारोबार चल रहा था। सबसे चौकाने वाली बात यह सामने आई है कि हथियार बनाने के दौरान मशीनों और औजारों से होने वाली आवाज को छिपाने के लिए आरोपित मकान में तेज आवाज में धार्मिक गाने बजाते थे, ताकि आसपास रहने वाले लोगों को किसी प्रकार का संदेह न हो। धार्मिक गीतों की आड़ में अंदर कट्टे तैयार किए जाते थे और उनका सौदा किया जाता था।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा द्वारा जिले में अवैध हथियार और मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 12 जून को थाना देहात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दुर्गा नगर क्षेत्र में एक मकान के भीतर अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन राजपूत के निर्देशन में थाना देहात, बरोही, नयागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
सर्चिंग में बड़ी मात्रा में मिले अधबने हथियार
पुलिस टीम ने बताए गए मकान पर दबिश दी। जब पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो कमरे में हथियार बनाने का काम चल रहा था और बड़ी मात्रा में उपकरण तथा अधबने हथियार रखे हुए थे। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान राजू उर्फ राजकुमार राजावत पुत्र हरनाम सिंह राजावत निवासी बाराकला, हाल निवासी समीर नगर भिंड और उसके पुत्र दीपू राजावत को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने अवैध हथियार निर्माण और बिक्री का कारोबार करना स्वीकार किया। शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूप में पुलिस अधीक्षक ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। इस दौरान सीएसपी निरंजन राजपूत, एसडीओपी रविंद्र वास्कले सहित अन्य मौजूद रहे।
देहात थाना पुलिस की गिरफ्त में अवैध हथियार की फैक्ट्री चलाने वाले पिता-पत्र। नईदुनिया
ऑनलाइन व काेरियर से मंगवाते थे उपकरण
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले कई उपकरण ऑनलाइन व कोरियर के माध्यम से मंगवाते थे। ज्यादातर सामान यूपी के एटा, मैनपुरी से अलग-अलग स्थानों से मंगवाया जाता था। पुलिस अब आनलाइन खरीदारी के रिकार्ड खंगाल रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किन-किन प्लेटफार्म के माध्यम से सामान खरीदा गया और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
युवाओं तक पहुंच रहे थे अवैध हथियार
सूत्रों के अनुसार आरोपितों का सबसे बड़ा ग्राहक वर्ग युवा थे। प्राथमिक जांच में संकेत मिले हैं कि बड़ी संख्या में अवैध हथियार युवाओं को बेचे जा रहे थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पिछले कुछ वर्षों में तैयार किए गए हथियार किन-किन लोगों को बेचे गए और उनका उपयोग किन घटनाओं में हुआ। आशंका है कि यह सिर्फ एक स्थानीय फैक्ट्री नहीं बल्कि मप्र और यूपी के बीच सक्रिय बड़े अंतरराज्यीय हथियार तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है।