
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। नयागांव थाना अंतर्गत मंगलवार शाम कूलर ठीक करते समय करंट लगने से एक 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद स्वजन उन्हें तत्काल निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार 62 वर्षीय तौफीक खान पुत्र नवाब खान निवासी नयागांव मंगलवार शाम करीब 5 बजे अपने घर में कूलर की मरम्मत कर रहे थे। बताया गया कि कूलर का तार बिजली बोर्ड में लगा हुआ था। इसी दौरान वह तार का छिला हुआ हिस्सा अपने मुंह से साफ करने का प्रयास कर रहे थे।
अचानक बिजली का प्रवाह शुरू हो गया और वे करंट की चपेट में आ गए। करंट लगते ही तौफीक खान अचेत होकर गिर पड़े। स्वजनों ने तुरंत उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्वजनों ने बताया कि तौफीक खान अहमदाबाद में मजदूरी का काम करते थे और करीब आठ दिन पहले ही अपने घर नयागांव लौटे थे। उनकी अचानक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
वह अपने पीछे पुत्र इरफान खान और पत्नी जुबैदा बेगम सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।