
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। भिंड शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मोबाइल अपडेट करने के नाम पर भेजे गए फर्जी लिंक पर क्लिक करना एक युवक को महंगा पड़ गया। लिंक पर क्लिक करते ही उसका मोबाइल हैक हो गया और कुछ ही देर में उसके स्टेट बैंक आफ इंडिया के खाते से 28 हजार 700 रुपये की अनधिकृत निकासी कर ली गई। पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार फरियादी 29 वर्षीय रजत मिश्रा पुत्र अनिल कुमार मिश्रा निवासी चतुर्वेदी नगर भिंड निजी ठेकेदारी का कार्य करते हैं। रजत ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 22 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे उनके मोबाइल नंबर पर मोबाइल अपडेट करने के संबंध में एक संदेश आया। संदेश में दी गई लिंक पर जैसे ही उन्होंने क्लिक किया, उनका मोबाइल कुछ समय के लिए हैक हो गया।
थोड़ी देर बाद मोबाइल सामान्य रूप से चलने लगा, इसलिए उन्हें किसी धोखाधड़ी की आशंका नहीं हुई। रजत ने बताया कि 24 जुलाई को जब वह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की लहार रोड शाखा में पैसे निकालने पहुंचे, तब बैंक से पता चला कि 22 जुलाई को ही उनके खाते से 28,700 की निकासी हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लेनदेन उन्होंने नहीं किया था।
हैरानी की बात यह रही कि खाते से रकम कटने का कोई एसएमएस भी उन्हें प्राप्त नहीं हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने सिटी कोतवाली पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल डेटा और साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।